औरंगाबाद: मोबाइल उठाने के प्रयास में चलती ट्रेन से गिरी महिला, इलाज से पहले मौत

फेसर स्टेशन के पास चलती ट्रेन से गिरकर एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। इलाज के लिए गया जा रही महिला मोबाइल उठाने के चक्कर में जान गंवा बैठी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Aurangabad News: दीनदयाल उपाध्याय–गया रेलखंड पर फेसर स्टेशन के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में चलती ट्रेन से गिरकर 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान फेसर थाना क्षेत्र के बनाही गांव निवासी जितेंद्र चौधरी की पत्नी उषा देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में मातम छा गया, जबकि सदर अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया.

इलाज के लिए गया जा रही थीं महिला

जानकारी के अनुसार, उषा देवी अपने गांव की एक अन्य महिला के साथ इलाज कराने गया जा रही थीं. दोनों सुबह फेसर स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने पहुंचीं. ट्रेन में चढ़ने के दौरान उषा देवी का मोबाइल प्लेटफॉर्म पर गिर गया. इसी बीच ट्रेन चल पड़ी.

मोबाइल उठाने की कोशिश बनी जानलेवा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोबाइल उठाने के लिए उषा देवी दोबारा नीचे उतरने लगीं. इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रेन से गिर गईं. हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

महिला की मौत की खबर मिलते ही सदर अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों ने किसी तरह परिजनों को संभालने की कोशिश की. वहीं, बनाही गांव में भी घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने और मोबाइल उठाने के प्रयास के दौरान संतुलन बिगड़ने से हुआ. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

रेलवे की अपील, चलती ट्रेन में न करें जोखिम

यह हादसा एक बार फिर इस बात की याद दिलाता है कि चलती ट्रेन में चढ़ना, उतरना या गिरी हुई वस्तु उठाने की कोशिश करना जानलेवा साबित हो सकता है. रेलवे भी यात्रियों से लगातार सावधानी बरतने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करता रहा है.

ALSO READ: औरंगाबाद NH-19 पर टोटो-ट्रक की भिड़ंत, वलीमा से लौट रहे एक परिवार के 10 घायल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sujit kumar

सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >