औरंगाबाद में 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत' संकल्प अभियान का शुभारंभ, युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ

Aurangabad News : औरंगाबाद में नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान का शुभारंभ हुआ. युवाओं ने नशे से दूर रहने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया.

Aurangabad News : युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, छात्र एवं युवा कल्याण निदेशालय, बिहार तथा भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में औरंगाबाद जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान' का शुभारंभ किया गया. अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करना है.

कई शिक्षण संस्थानों में हुआ सीधा प्रसारण

जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार सीतायोग इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, किशोरी सिन्हा महिला कॉलेज, सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, रामलखन सिंह यादव कॉलेज, दाउदनगर कॉलेज, एएनएस कॉलेज नवीनगर, राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय तथा ठाकुर बीडी सिंह कॉलेज, गोह में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया. मुख्य कार्यक्रम सीतायोग इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, जसोइया मोड़ में अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुआ.

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई. छात्राओं ने अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया. वहीं महाविद्यालय के छात्रों ने नशामुक्ति विषय पर तैयार पेंटिंग, मॉडल और विभिन्न परियोजनाओं की प्रदर्शनी लगाई. अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम बनते हैं.

अधिकारियों ने युवाओं को किया जागरूक

वरीय उप समाहर्ता श्वेता प्रियदर्शी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य को भी प्रभावित करता है. उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया. अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी है. यदि युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, तकनीक, खेल और नवाचार में लगाएंगे, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा. उन्होंने कहा कि नशा क्षणिक खुशी का भ्रम देता है, लेकिन जीवन के अनमोल अवसर छीन लेता है. साथ ही युवाओं से सोशल मीडिया के माध्यम से भी नशामुक्ति का संदेश फैलाने की अपील की.

विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं, पदाधिकारियों और युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई. सभी प्रतिभागियों ने माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर ऑनलाइन शपथ ली और प्रमाण-पत्र भी प्राप्त किया. इस अवसर पर प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी सामूहिक रूप से देखा और सुना गया.

बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रहे उपस्थित

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे. अभियान के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया.

Also Read : मुंशी प्रेमचंद जयंती पर नवोत्साह साहित्य संगम का आयोजन, साहित्यिक योगदान पर हुई विस्तृत चर्चा



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sudhir kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >