Aurangabad Truck Accident : औरंगाबाद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-19) पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देव मोड़ के समीप तेज रफ्तार से आ रहे दो ट्रकों की जोरदार टक्कर हो गई. इस भीषण हादसे में एक ट्रक के चालक और सह चालक (खलासी) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
एक ट्रक ने मारी टक्कर, चालक मौके से फरार
घायलों की पहचान उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले निवासी चालक मो. नाजिम और बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले सह चालक मो. जलालुद्दीन के रूप में हुई है. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान घायल चालक और सह चालक ने बताया कि वे अपने ट्रक पर कुछ सामान लोड कर जा रहे थे. जैसे ही वे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देव मोड़ के समीप पहुंचे, तभी एक दूसरे तेज रफ्तार ट्रक ने उनके ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद दूसरा ट्रक चालक अपने वाहन समेत मौके से फरार हो गया.
आंख झपकने के कारण हादसा होने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह भीषण हादसा देर रात में चालक की आंख झपकने (नींद आने) के कारण होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश और मामले की जांच में जुट गई है.
डायल 112 की टीम ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 'डायल 112' पुलिस टीम को हादसे की सूचना दी. सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दर्द से कराह रहे दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों का प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया है.
समाजसेवी ने की मदद, पुलिस को दी गई सूचना
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय समाजसेवी सल्लू खान भी तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे और दोनों घायलों के इलाज में उनकी हर संभव मदद की. इस पूरी घटना की सूचना मुफस्सिल थानाध्यक्ष को भी दे दी गई है. पुलिस फिलहाल फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Also Read : औरंगाबाद में आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में मारपीट, आधा दर्जन लोग घायल
