औरंगाबाद: 20 साल से जाम का जंजाल, सड़क पर सजी सब्जी मंडी

औरंगाबाद शहर का मुख्य बाजार 20 साल से भीषण जाम से जूझ रहा है. बेतरतीब सजी सब्जी मंडी और ऑटो चालकों की मनमानी ने यातायात व्यवस्था को ठप कर दिया है. हर अधिकारी के आने पर समाधान के दावे खोखले साबित हो रहे हैं.

Aurangabad News: औरंगाबाद शहर के मुख्य बाजार स्थित पुरानी जीटी रोड की सब्जी मंडी एक बार फिर चर्चा में है. यह तस्वीरें यह बताने के लिए काफी हैं कि शहर की सबसे व्यस्त सड़क पर आज भी सब्जी की दुकानें बेतरतीब सजी हैं. इस वजह से आम लोगों को रोज भयंकर जाम की परेशानी झेलनी पड़ रही है. यह समस्या दो-चार वर्षों की नहीं, बल्कि करीब दो दशक यानी 20 साल पुरानी है.

धरातल पर स्थिति जस की तस

औरंगाबाद में हर नये अधिकारी के आने पर इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के बड़े-बड़े दावे किये जाते हैं. लेकिन तस्वीरें बताती हैं कि धरातल पर स्थिति आज भी जस की तस बनी हुई है. सड़क के दोनों किनारों के साथ-साथ मुख्य सड़क के हिस्से पर भी सब्जी की दुकानें लगी हैं. खरीदार, ठेले और दोपहिया वाहन एक साथ गुजरने को मजबूर हैं.

आम लोग हो रहे परेशान

औरंगाबाद की इस मुख्य सड़क पर थोड़ी सी भी भीड़ लगते ही पुरानी जीटी रोड पर लंबा जाम लग जाता है. प्रतिदिन स्कूल जाने वाले बच्चे, गंभीर मरीज, नौकरीपेशा लोग और आम नागरिक इस प्रशासनिक अव्यवस्था का सामना करते हैं. हर बार अतिक्रमण हटाने का अभियान तो चलाया जाता है, लेकिन कुछ ही दिनों के बाद दुकानें फिर से सड़क पर सज जाती हैं.

ऑटो चालकों की भारी मनमानी

औरंगाबाद शहर में प्रतिदिन लगने वाले इस जाम के पीछे केवल सब्जी मंडी ही जिम्मेदार नहीं है, बल्कि ऑटो चालकों की मनमानी भी एक प्रमुख कारण बन चुकी है. शहर में अनुमानित 6,000 से अधिक ऑटो का अवैध परिचालन होता है. लेकिन अब तक इनके लिए कोई स्थायी रूट और निर्धारित स्टैंड की प्रभावी व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा लागू नहीं की जा सकी है.

बनाना होगा स्थायी रूट

औरंगाबाद के ऑटो चालक अपनी सुविधा के अनुसार मुख्य सड़कों पर कहीं भी ऑटो खड़ा कर सवारियां बैठाते और उतारते हैं. इससे व्यस्त सड़कें और संकरी हो जाती हैं और यातायात बार-बार बाधित होता है. पुरानी जीटी रोड, रमेश चौक और महाराजगंज रोड सहित कई प्रमुख स्थानों पर रोज यही स्थिति देखने को मिलती है. जब तक सब्जी मंडी और ऑटो को व्यवस्थित नहीं किया जाएगा, तब तक राहत मुश्किल है.

Also Read: औरंगाबाद: बारुण में बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई, 22 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sujit kumar

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >