यूजीसी एक्ट के विरोध में सड़क पर उतरा सवर्ण समाज

बायपास से रमेश चौक तक निकाला विरोध मार्च, एक घंटे तक सड़क जाम, पीएम व गृह मंत्री का फूंका पुतला

बायपास से रमेश चौक तक निकाला विरोध मार्च, एक घंटे तक सड़क जाम

पीएम व गृह मंत्री का फूंका पुतला

औरंगाबाद ग्रामीण. यूजीसी एक्ट 2026 के विरोध में गुरुवार को औरंगाबाद शहर में सवर्ण समाज ने जोरदार प्रदर्शन किया. आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने इस कानून को काला कानून बताते हुए जमकर नारेबाजी की और सरकार से इसे अविलंब रद्द करने की मांग की. बायपास स्थित पंचदेव धाम मंदिर के समीप से सवर्ण समाज के सैकड़ों लोगों ने विरोध मार्च निकाला, जो एमजी रोड होते हुए रमेश चौक तक पहुंचा. मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी यूजीसी एक्ट वापस लो, सवर्ण एकता जिंदाबाद के साथ-साथ केंद्र सरकार होश में आओ के नारे लगाये. रमेश चौक पहुंचते ही प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. प्रदर्शन में शामिल मुखिया संघ के अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह, मनोज कुमार सिंह, पिंटू सिंह, अमरेश राणा, राहुल कुमार, विकास काली आदि ने कहा कि यूजीसी एक्ट 2026 छात्रों के बीच फूट डालने वाला कानून है. नेताओं ने आरोप लगाया कि जिस प्रकार अंग्रेजों ने आजादी के आंदोलन को दबाने के लिए रॉलेट एक्ट लागू किया था, उसी तरह यह कानून भी छात्रों को बांटने और एक वर्ग विशेष को निशाना बनाने के उद्देश्य से लाया गया है. खासकर सवर्ण जाति के छात्रों के लिए यह अन्यायपूर्ण है. वक्ताओं ने कहा कि सवर्ण समाज हमेशा अन्याय के खिलाफ खड़ा रहा है और आगे भी रहेगा. कानून सभी के लिए समान होना चाहिए, न कि किसी विशेष वर्ग को परेशान करने के लिए बनाया जाए. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि केवल रोक लगाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि इस कानून को पूरी तरह निरस्त करना होगा. अगर सरकार ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और तेज किया जाएगा. प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन भी किया गया. इस दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम थे. प्रदर्शन के दौरान पुलिस की टीम हर गतिविधियों पर नजर रख रही थी. प्रदर्शन में रामानुज पांडेय, संतोष कुमार सिंह, रिंकी कुमारी, अनुज कुमार सिंह, रौशन कुमार, भुलेटन सिन्हा, मोनू सिंह, गुड्डू कुमार सहित बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के लोग मौजूद थे.

प्रदर्शन में भाजपाइयों का जमावड़ा

यूजीसी एक्ट के खिलाफ शहर में जो प्रदर्शन निकाली गयी उसमें औरंगाबाद भाजपा का एक बड़ा तबका शामिल था.पूर्व जिलाध्यक्ष, नगर अध्यक्ष से लेकर कई पदधारी और भाजपा के कार्यकर्ता शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUJIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >