औषधि नियंत्रण की टीम ने दवा दुकानों में की छापेमारी

कई दवाओं की बिक्री पर लगाया प्रतिबंध

औरंगाबाद ग्रामीण. जिले में अवैध और नियमविरुद्ध दवा बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है. शुक्रवार को भी यह अभियान जारी रहा. सहायक औषधि नियंत्रक के निर्देश पर गठित जांच दल ने शहर के विभिन्न इलाकों में एक साथ छापेमारी कर दवा विक्रय संस्थानों की गहन जांच की. सहायक औषधि नियंत्रक के नेतृत्व में औषधि निरीक्षक हरेराम सिंह और औषधि निरीक्षक संजय कुमार की संयुक्त टीम ने नवीनगर स्थित जेपी अनुपम फार्मा, न्यू एरिया स्थित धर्मवीर मेडिकल एजेंसी तथा अंबा रोड स्थित पंकज मेडिकल हॉल का निरीक्षण किया. जांच के दौरान विभिन्न दवाओं का स्कैनर से सत्यापन किया गया और क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेखों की बारीकी से जांच की गयी. जांच में पाया गया कि तीनों संस्थानों ने क्रमशः 10, सात और 10 प्रकार की दवाओं के क्रय-विपत्र प्रस्तुत नहीं किये. इस गंभीर अनियमितता के कारण औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की धारा-15 के तहत संबंधित दवाओं की तत्काल बिक्री पर रोक लगा दी गई. इसके साथ ही तीनों संस्थानों से तीन प्रकार की दवाओं के नमूने संग्रह कर जांच और विश्लेषण के लिए प्रयोगशाला भेजे गये. जांच प्रक्रिया शुक्रवार की शाम तक चलती रही. प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार संबंधित दवा विक्रय संस्थानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सहायक औषधि नियंत्रक अशोक कुमार आर्य ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित और बिना वैध दस्तावेजों वाली दवाओं की बिक्री किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत जिले के सभी दवा विक्रय संस्थानों का एबीएचए पंजीकरण कराया जा रहा है, जिससे सभी मेडिकल स्टोर राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली से जुड़ सकेंगे और मरीज डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे. औषधि नियंत्रण विभाग का यह सघन जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUJIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >