Aurangabad News : मदनपुर थाना पुलिस ने प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर शिवनाथ बिगहा मोड़ के समीप वाहन जांच के दौरान एक पिकअप से करीब 15 क्विंटल थाई मांगुर बरामद की. मौके से पिकअप चालक और सहचालक को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस बरामद मछली की खेप को अवैध रूप से परिवहन कर डेहरी ले जाये जाने की बात बता रही है.
कोलकाता से डेहरी ले जायी जा रही थी मछली की खेप
थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कोलकाता से प्रतिबंधित थाई मांगुर की बड़ी खेप रोहतास जिले के डेहरी ले जायी जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस ने शिवनाथ बिगहा मोड़ के समीप वाहन जांच अभियान चलाया. इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गयी, जिसमें करीब 15 क्विंटल थाई मांगुर बरामद हुई.
Also Read : नवादा के नियोजन मेले में 350 युवाओं का चयन, 22 निजी कंपनियों ने दिया रोजगार का अवसर
चालक और सहचालक गिरफ्तार, तस्करी नेटवर्क की जांच
गिरफ्तार चालक की पहचान पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के मोहम्मद अक्रतुल तथा सहचालक की पहचान शोभित राज के रूप में हुई है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है. पूछताछ के माध्यम से तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है.
मत्स्य विकास पदाधिकारी की मौजूदगी में नष्ट की गयी खेप
थानाध्यक्ष ने बताया कि मत्स्य विकास पदाधिकारी सच्चिदानंद कुमार की मौजूदगी में जब्त की गयी पूरी खेप को नियमानुसार नष्ट कर दिया गया. पुलिस का कहना है कि थाई मांगुर के परिवहन और कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
गश्ती दल की एसआई सुमिता कुमारी की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में गश्ती दल की एसआई सुमिता कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस की तत्परता से प्रतिबंधित मछली की बड़ी खेप बाजार तक पहुंचने से पहले ही पकड़ ली गयी.
पर्यावरण और स्थानीय मछली प्रजातियों के लिए माना जाता है नुकसानदायक
गौरतलब है कि पर्यावरण और स्थानीय मत्स्य प्रजातियों पर प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए थाई मांगुर के पालन, परिवहन और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है. ऐसे में मदनपुर पुलिस की कार्रवाई को अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
Also Read : नवादा में जिला स्तरीय जनसुनवाई में पहुंचे 11 परिवाद, डीएम ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का दिया निर्देश
