Aurangabad News : शिक्षक केवल राष्ट्र के निर्माता ही नहीं, बल्कि पूरी शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं. उनके हक, अधिकार और स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं होगा. जब तक शिक्षकों की जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक यह आंदोलन सड़क से लेकर सदन तक पूरी एकजुटता के साथ जारी रहेगा. ये बातें एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी ने रविवार को गोह स्थित गौतम बुद्ध नगर भवन में आयोजित 'शिक्षक संवाद कार्यक्रम' में कहीं. कार्यक्रम का आयोजन परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ, प्रखंड इकाई गोह की ओर से किया गया. अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन प्रखंड अध्यक्ष बिट्टू सिंह ने किया.
दीप प्रज्वलन और स्वागत गीत से कार्यक्रम का हुआ आगाज
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार और वरिष्ठ शिक्षक केसरी सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की. इसके बाद शिक्षक सह गायक मनोज मंजूल और अन्य शिक्षकों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया. स्वागत गीत से सभागार का माहौल उत्साहपूर्ण हो गया. संघ की ओर से अतिथियों को अंगवस्त्र, मोमेंटो और बुके भेंट कर भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया.
शिक्षकों ने उठाये वर्षों से लंबित मांगों के मुद्दे
संवाद सत्र के दौरान मौजूद सैकड़ों शिक्षकों ने अपनी समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से रखा. शिक्षकों ने कहा कि वर्षों से लंबित मांगों पर अब ढुलमुल रवैया बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. शिक्षकों ने समान काम के लिए समान वेतन और समान कार्य का समान अधिकार लागू करने की मांग की. इसके अलावा सेवा शर्तों में सुधार कर शिक्षकों के लिए पारदर्शी और सम्मानजनक सेवा शर्त लागू करने तथा वर्षों से लंबित प्रोन्नति प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग भी उठायी गयी.
शिक्षकों की उपेक्षा से बेहतर शिक्षा व्यवस्था संभव नहीं : बिट्टू सिंह
संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड अध्यक्ष बिट्टू सिंह ने कहा कि शिक्षकों की उपेक्षा करके बेहतर शिक्षा व्यवस्था की कल्पना नहीं की जा सकती. उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं और अधिकारों को लेकर संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा. उन्होंने शिक्षकों से अपनी आवाज को और बुलंद करने के लिए संगठन को गांव से लेकर जिला स्तर तक मजबूत करने की अपील की.
चरणबद्ध आंदोलन चलाने का लिया सामूहिक संकल्प
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने संगठनात्मक एकजुटता मजबूत करने का संकल्प लिया. शिक्षकों ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन को आगे बढ़ाया जायेगा. इसके लिए गांव से लेकर जिला स्तर तक संगठन को और मजबूत करने पर जोर दिया गया.
इनकी रही आयोजन में अहम भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिलाध्यक्ष विजय कुमार सिंह, प्रखंड प्रवक्ता शंभु प्रसाद बारी, प्रखंड उपाध्यक्ष सुनील कुमार बॉबी, प्रखंड अध्यक्ष बिट्टू सिंह, शिक्षक रंजीत कुमार सिंह समेत कई पदाधिकारियों ने अहम भूमिका निभायी. कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे.
Also Read : PHOTOS: औरंगाबाद में बच्चों ने इस प्रकार मनाया 'विश्व आदिवासी दिवस'
