Aurangabad News : औरंगाबाद जिले के दाउदनगर पुराना शहर स्थित ज्ञान ज्योति शिक्षण केन्द्र में दाउदनगर प्रखंड के विभिन्न कोचिंग संस्थानों के निदेशकों के साथ थानाध्यक्ष विकास कुमार ने महत्वपूर्ण बैठक की. बैठक का उद्देश्य देश के विभिन्न हिस्सों में छात्रों द्वारा किए जा रहे विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनज़र क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा विद्यार्थियों को अफवाहों और भ्रामक गतिविधियों से दूर रहने के लिए जागरूक करना था.
विद्यार्थियों का भविष्य सर्वोपरि : थानाध्यक्ष
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष विकास कुमार ने कहा कि दाउदनगर की पहचान हमेशा अनुशासन, शिक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण के लिए रही है. यहां के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर अनुमंडल का नाम राज्य और देशभर में गौरवान्वित किया है. उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए और ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जाना चाहिए, जिससे उन पर कानूनी कार्रवाई हो या उनका भविष्य संकट में पड़ जाए.
कोचिंग संचालकों से की जागरूकता फैलाने की अपील
थानाध्यक्ष ने सभी कोचिंग संस्थानों के निदेशकों से अपने-अपने संस्थानों में विद्यार्थियों को कानून का सम्मान करने, अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी प्रकार के उकसावे या अवैध विरोध-प्रदर्शन में शामिल नहीं होने के लिए प्रेरित करने की अपील की. उन्होंने कहा कि शिक्षा विद्यार्थियों की सबसे बड़ी पूंजी है और समाज तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सकारात्मक भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है.
अफवाहों पर न करें विश्वास, पुलिस को दें सूचना
उन्होंने अभिभावकों, युवाओं और विद्यार्थियों से भी पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें. यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या अफवाह सामने आए तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सके.
कोचिंग संचालकों को किया सम्मानित
बैठक के अंत में समाज में शांति, सद्भाव और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए थानाध्यक्ष विकास कुमार ने सभी कोचिंग संस्थानों के निदेशकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया. इस अवसर पर कोचिंग संचालकों ने थाना प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज में शांति, सौहार्द और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग का संकल्प दोहराया. बैठक में डॉ. चंचल कुमार सहित दाउदनगर प्रखंड के विभिन्न कोचिंग संस्थानों के संचालक एवं निदेशक उपस्थित रहे.
