जिले में 11 मरम्मत दल रवाना, गर्मी से पहले चालू करेंगे 3435 खराब चापाकल

पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, जिलास्तर पर एक नियंत्रण कक्ष स्थापित, टोल फ्री नंबर पर करें शिकायत

औरंगाबाद शहर. गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से निजात दिलाने की दिशा में कवायद की जा रही है. सभी चापाकलों की मरम्मत करायी जायेगी. सोमवार को जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने ग्रीष्मकालीन मौसम को ध्यान में रखते हुए जिले में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चलंत चापाकल मरम्मत दल को समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया़ लोक स्वास्थ्य प्रमंडल अंतर्गत नौ मार्च से चापाकल मरम्मत कार्य के लिए जिले में कुल 11 वाहनों के साथ 11 मरम्मत दल को तैनात किया गया है. प्रत्येक वाहन में चापाकल मरम्मत के लिए आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करायी गयी है, ताकि खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत शीघ्रता से सुनिश्चित की जा सके. विभाग द्वारा इन मरम्मत दलों के माध्यम से जिले में कुल लगभग 3435 चापाकलों की मरम्मति किये जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. प्रत्येक चापाकल की मरम्मत के उपरांत उसका सोशल ऑडिट भी कराया जायेगा. इसकी ऑनलाइन प्रविष्टि लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, बिहार के वेब पोर्टल पर की जायेगी. इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मरम्मत दलों को युद्ध स्तर पर संचालित करते हुए जिले में मौजूद सभी खराब चापाकलों की मरम्मत यथाशीघ्र कराना सुनिश्चित करें, ताकि आमलोगों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े. इस कार्य के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिलास्तर पर एक नियंत्रण कक्ष की स्थापना भी की गयी है. कनीय अभियंता, सहायक अभियंता एवं कार्यपालक अभियंता द्वारा मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी की जायेगी. लोक स्वास्थ्य प्रमंडल द्वारा स्थापित जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 8544428862 एवं टोल फ्री नंबर 18001231121 है. इस नंबर पर ग्रामीण पेयजल संबंधी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. प्राप्त शिकायतों का त्वरित गति से निवारण किया जायेगा. जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जिले के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता बनी रहे व पेयजल संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Panchdev kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >