Picnic Tragedy : बिहार से सटे झारखंड के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में बटाने नदी में नहाने के दौरान डूबे तीन युवकों में से एक का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया. मृतक की पहचान बोधगया थाना क्षेत्र के खरौना गांव निवासी सुरेंद्र गुप्ता के 23 वर्षीय पुत्र रितिक कुमार के रूप में हुई है. रितिक औरंगाबाद में रहकर व्यापार करता था.
हादसे के बाद नदी में डूबे दूसरे युवक राजू चन्द्रवंशी उर्फ टेनी की तलाश अभी जारी है. काफी खोजबीन के बावजूद संवाद लिखे जाने तक उसका शव बरामद नहीं हो सका था. स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में गोताखोरों की टीम नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है.
इधर, अंबा थाना की पुलिस भी अपने क्षेत्र से होकर गुजरने वाली बटाने नदी पर नजर रखे हुए है. घटनास्थल अंबा थाना क्षेत्र से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर बताया जा रहा है.
पिकनिक मनाने पहुंचे थे युवकों की टोली
जानकारी के अनुसार, शनिवार को औरंगाबाद से युवकों की टोली हरिहरगंज थाना क्षेत्र के डेमा पउरा गांव के बेलघटी के समीप बटाने नदी के किनारे पिकनिक मनाने पहुंची थी. इसी दौरान तीन युवक एक साथ नहाने के लिए नदी में उतर गए.
नहाने के दौरान तीनों युवक नदी के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव की कोशिश शुरू कर दी. लोगों ने औरंगाबाद के टिकरी पर रहने वाले मिनी बिगहा गांव निवासी 40 वर्षीय राजेंद्र साव को पानी से बाहर निकाल लिया.
राजेंद्र साव को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.
रविवार सुबह मिला रितिक का शव
नदी में डूबे रितिक कुमार और राजू चन्द्रवंशी की तलाश शनिवार से ही की जा रही थी. स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम ने नदी में लगातार खोजबीन की. रविवार सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान रितिक कुमार का शव बरामद कर लिया गया.
हरिहरगंज थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं राजू चन्द्रवंशी की तलाश में गोताखोरों की टीम जुटी हुई है. नदी के दोनों किनारों पर भी स्थानीय लोगों और परिजनों की भीड़ लगी हुई है.
बिहार के गांवों में पसरा मातम
घटना की जानकारी मिलने के बाद युवकों के परिजनों में कोहराम मच गया. झारखंड में हुए इस हादसे के बाद बिहार के संबंधित गांवों में भी मातम का माहौल है. परिजन अपने बच्चों के सुरक्षित लौटने की उम्मीद लगाए हुए थे, लेकिन हादसे की खबर ने परिवार को झकझोर दिया.
अंबा से लेकर हरिहरगंज तक बटाने नदी के दोनों किनारों पर लोगों की भीड़ जुटी हुई है. स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम दूसरे युवक राजू चन्द्रवंशी के शव की तलाश में लगातार जुटी हुई है.
