औरंगाबाद : संडा-कुटुंबा पथ पर क्षतिग्रस्त पुलिया से आवागमन बाधित, दो सप्ताह से रास्ता बंद, लोगों की बढ़ी परेशानी

संडा-कुटुंबा पथ पर मटपा गांव के पास पुलिया टूटने से आवागमन पूरी तरह बाधित है। भारी वाहनों के दबाव के कारण पुलिया क्षतिग्रस्त हुई, ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत की मांग की।

औरंगाबाद जिले के दक्षिणी क्षेत्र में झारखंड की सीमा से सटे संडा-कुटुंबा पथ पर मटपा गांव के पास बतरे नहर के क्रॉस प्वाइंट पर बनी पुलिया क्षतिग्रस्त हो गयी है. इससे इस मार्ग पर आवागमन बाधित है. पिछले माह दोमुहान-बटाने नदी पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद इस रास्ते से भारी वाहनों का परिचालन हो रहा था. भारी वाहनों के दबाव में पुलिया ध्वस्त हो गयी. इसके बाद जल संसाधन विभाग ने पुलिया के पास चेतावनी बोर्ड लगाया है. छोटी-बड़ी गाड़ियों के परिचालन पर रोक लगा दी गयी है.

पुलिया टूटने से वाहनों का परिचालन प्रभावित

यह रास्ता एनएच-139 के संडा से कुटुंबा, माली और चरण बाजार होते हुए सिरीस जीटी रोड को जोड़ता है. बालूगंज-देव होते हुए गया जाने के लिए भी यह महत्वपूर्ण मार्ग है. इसी रास्ते से इमामगंज की ओर भी लोग आते-जाते हैं. कुटुंबा, नवीनगर और औरंगाबाद विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए यह प्रमुख संपर्क पथ है. पुलिया टूटने से वाहनों का परिचालन प्रभावित है. ग्रामीणों को बाजार आने-जाने में परेशानी हो रही है. स्कूली वाहनों का परिचालन भी बंद है. इससे बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कत हो रही है.

पुलिया निर्माण में देरी से बढ़ी परेशानी

ग्रामीणों के अनुसार करीब दो सप्ताह से इस मार्ग पर पुलिस पेट्रोलिंग भी प्रभावित है. स्थानीय ग्रामीण आलोक कुमार सिंह, विधायक प्रतिनिधि सौरभ पाठक, प्रो. ब्रजनंदन पाठक और शिक्षक वीरेंद्र केशव ने विभाग के अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर दिलाया है. उन्होंने जल्द पुलिया निर्माण पूरा कराने की मांग की है. ग्रामीणों का आरोप है कि डायवर्सन की व्यवस्था किये बिना पुलिया निर्माण शुरू किया गया था. पिछले एक सप्ताह से निर्माण कार्य भी बंद है.

क्या कहते हैं एग्जीक्यूटिव इंजीनियर

जल संसाधन विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर विवेक कुमार ने बताया कि दोमुहान-बटाने नदी पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद कुटुंबा-संडा पथ से भारी वाहनों का परिचालन हो रहा था. इसी वजह से बतरे नहर के क्रॉस प्वाइंट पर पुलिया ध्वस्त हो गयी. उन्होंने बताया कि जलजमाव और निजी जमीन की समस्या के कारण तत्काल डायवर्सन बनाना संभव नहीं है. क्षतिग्रस्त पुलिया का निर्माण शुरू कर दिया गया है. करीब दो सप्ताह में पुलिया का निर्माण पूरा कर आवागमन सुचारू कर दिया जायेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंबुज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >