Aurangabad News : औरंगाबाद जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री अनुग्रह मध्य विद्यालय में वरीय शिक्षिका करुणा सिन्हा के सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर सिंह ने करुणा सिन्हा को अंगवस्त्र प्रदान कर उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि करुणा सिन्हा ने एक आदर्श शिक्षिका के रूप में अपनी पहचान बनाई है. विद्यालय की विकास यात्रा में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है. अध्यापन के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण अनुकरणीय रहा है.
20 वर्षों का योगदान बताया अमूल्य
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक उदय कुमार सिंह ने करुणा सिन्हा के करीब 20 वर्षों के योगदान को अमूल्य बताया. उन्होंने कहा कि करुणा सिन्हा ने शिक्षण कार्य के साथ-साथ विद्यालय के अधिकांश प्रबंधकीय कार्यों में भी हमेशा सहयोग किया. बिहार निपुण मिशन की गतिविधियों को साकार करने में विद्यालय प्रभारी के रूप में भी उन्होंने उल्लेखनीय भूमिका निभाई.
Also Read : नवादा में लगातार बारिश से सकरी नदी उफान पर, तेज बहाव को लेकर ग्रामीणों को किया गया सतर्क
बच्चों को शिक्षा और संस्कार से सबल बनाने का दिया संदेश
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि वार्ड पार्षद एवं महिला नेत्री मंजरी सिंह ने शिक्षक पेशे को बेमिसाल बताया. उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक पड़ाव है. करुणा सिन्हा अब शेष जीवन को उन्मुक्तता के साथ आसपास के बच्चों के बीच बिताएं और उन्हें शिक्षा एवं संस्कार के माध्यम से सबल बनाने का कार्य जारी रखें.
शिक्षकों ने साझा किए संस्मरण
समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने करुणा सिन्हा के साथ बिताए अपने संस्मरण साझा किए और उनके योगदान को अनमोल बताया. उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने उनके प्रति स्नेह और सम्मान व्यक्त करते हुए स्वस्थ, सुखद एवं सफल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
कार्यक्रम को वरीय शिक्षक पीकू सिंह, अनंता सिन्हा, रूबी सिन्हा, ज्योति सिन्हा, सची रानी, शारदा कुमारी, योगेंद्र कुमार, मीना कुमारी, शिवांशी, अनुभा ज्योति, रीता, चंद्रमा, प्रेम कुमार, आभा कुमारी, नैयर शाहीन सहित अन्य शिक्षकों ने संबोधित किया और करुणा सिन्हा को भावभीनी विदाई दी.
Also Read : रग्बी में नवादा का बढ़ा मान, पवन राज का भारतीय अंडर-18 टीम में चयन
