औरंगाबाद में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल, मुहल्लेवासियों ने काम रोककर जांच की मांग की

औरंगाबाद में सड़क निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए नागरिकों ने काम रोक दिया और गुणवत्ता जांच की मांग की है. यह सड़क पुरानी जीटी रोड को टिकरी रोड से जोड़ती है.

Aurangabad Municipal Council: औरंगाबाद नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 15 और 10 के बीच पुरानी जीटी रोड स्थित जामा मस्जिद से टिकरी रोड व महावीर मंदिर को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण में गुणवत्ता को लेकर मंगलवार को मुहल्लेवासियों का आक्रोश फूट पड़ा. निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर काम रोक दिया. कांग्रेस नेता सल्लू खान सहित अन्य लोगों के नेतृत्व में मुहल्लेवासियों ने विरोध-प्रदर्शन किया और सड़क को पहले की तरह मजबूत पीसीसी के रूप में बनाने की मांग की.

मुहल्लेवासियों का आरोप है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है. पुरानी पीसीसी सड़क को तोड़ने के बाद अब उसके स्थान पर पेवर ब्लॉक लगाया जा रहा है. लोगों ने पेवर ब्लॉक की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री संतोषजनक नहीं है.

स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि निर्माण कार्य में बालू की जगह डस्ट का इस्तेमाल किया जा रहा है. इससे सड़क की मजबूती और टिकाऊपन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.

WTP योजना के तहत करीब दो माह पहले तोड़ी गयी थी सड़क

मुहल्लेवासियों ने बताया कि करीब दो माह पहले WTP योजना के तहत इस सड़क को तोड़कर पाइप बिछाने का काम किया गया था. पाइप बिछाने के बाद अब सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया गया है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस सड़क पर पहले पीसीसी का निर्माण था, उसे दोबारा पीसीसी के रूप में ही बनाया जाना चाहिए था. इसके बजाय पेवर ब्लॉक लगाया जा रहा है. लोगों ने कहा कि यह सड़क काफी महत्वपूर्ण है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग से आवागमन करते हैं. ऐसे में सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए.

गुणवत्ता की जांच के बाद ही निर्माण कराने की मांग

मुहल्लेवासियों ने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए. निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की जांच कराने और जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ाने की मांग की गयी.

स्थानीय निवासी जैनुल अंसारी ने कहा कि इस सड़क से बड़ी आबादी का आवागमन होता है और यह मार्ग काफी महत्वपूर्ण है. इसलिए यहां मजबूत और टिकाऊ सड़क का निर्माण होना चाहिए. उन्होंने पेवर ब्लॉक लगाने के बजाय पहले की तरह पीसीसी सड़क बनाने की मांग की, ताकि लंबे समय तक लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हो.

मुख्य मार्ग पर जाम लगने पर वैकल्पिक रास्ता

मुहल्लेवासियों ने बताया कि यह सड़क पुरानी जीटी रोड को टिकरी रोड से जोड़ती है. टिकरी रोड के रास्ते लोग बाइपास और धर्मशाला की ओर जाते हैं. मुख्य मार्ग पर जाम लगने की स्थिति में यह सड़क वैकल्पिक मार्ग के रूप में भी उपयोगी साबित होती है.

लोगों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण में अभी लापरवाही बरती गयी तो कुछ समय बाद सड़क के क्षतिग्रस्त होने की आशंका रहेगी. इससे नगर परिषद को दोबारा मरम्मत पर राशि खर्च करनी पड़ सकती है और आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ेगी.

कार्यपालक पदाधिकारी और मुख्य पार्षद को दी जानकारी

मुहल्लेवासियों ने सड़क निर्माण में कथित अनियमितता की शिकायत नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से करने के साथ ही मुख्य पार्षद को भी मामले की जानकारी दी है.

लोगों ने मांग की है कि संबंधित अधिकारी स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच करें. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सड़क का निर्माण निर्धारित प्राक्कलन और तकनीकी मानकों के अनुरूप हो.

विरोध-प्रदर्शन में राजू खान, अन्ना खान, वजीर अंसारी, रामचंद्र चौधरी, सुनील यादव, मो. टीपू, राजा खान, अनवर खान, साबिर खान, अजीम खान, सबीहू रहमान, जुल्फेकार अंसारी, महताब खान, मनीष कुमार, मो. चांद सहित अन्य लोग मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष राज सिंघम

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >