नए राशन कार्ड आवेदन प्रक्रिया का बीडीओ ने किया निरीक्षण, 10 दिनों में लक्ष्य पूरा करने का निर्देश

Aurangabad News : दाउदनगर प्रखंड के बीडीओ मो. जफर इमाम ने नए राशन कार्ड आवेदन प्रक्रिया का निरीक्षण किया. उन्होंने विकास मित्रों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र परिवार छूटे नहीं और 10 दिनों में लक्ष्य पूरा करें.

Aurangabad News : प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मो. जफर इमाम ने दाउदनगर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में नए राशन कार्ड के लिए आवेदन लेने की प्रक्रिया का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विकास मित्रों के साथ अनौपचारिक बैठक कर आवेदन संग्रहण और ऑनलाइन प्रक्रिया को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

कई पंचायतों में पहुंचकर लिया कार्यों का जायजा

निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने बेलवां, करमा, शमशेर नगर, अरई, चौरी, कनाप सहित अन्य पंचायतों का दौरा कर आवेदन प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने बताया कि दाउदनगर प्रखंड में 4,280 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. पात्र लाभार्थी स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

ऑफलाइन आवेदन भी होंगे ऑनलाइन अपलोड

बीडीओ ने बताया कि जो आवेदक स्वयं ऑनलाइन आवेदन करने में सक्षम नहीं हैं, उनके ऑफलाइन आवेदन विकास मित्र गांव-गांव जाकर एकत्र करेंगे. इसके बाद आवेदन पंचायत सरकार भवन या पंचायत भवन में तैनात डाटा एंट्री ऑपरेटर अथवा कार्यपालक सहायक को उपलब्ध कराया जाएगा, जो उसे स्मार्ट पीडीएस पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड करेंगे.

आवेदन प्रक्रिया के लिए बनाई गई अलग-अलग टीमें

उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है. सभी संबंधित कर्मियों को अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है.

पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने पर जोर

बीडीओ ने विकास मित्रों को निर्देश दिया कि वे प्रत्येक गांव में जाकर लोगों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दें और पात्र परिवारों के आवेदन समय पर जमा कराएं. उन्होंने 10 दिनों के भीतर निर्धारित लक्ष्य पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र परिवार राशन कार्ड से वंचित नहीं रहना चाहिए. सरकार की जनकल्याणकारी योजना का लाभ प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है.

Also Read : आधे घंटे की बारिश में डूबे दाउदनगर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Om Prakash

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >