तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार को पीछे से मारी टक्कर, कार्यपालक सहायक की मौत, साथी भी घायल

Aurangabad Road Accident : ओबरा प्रखंड के वीवीजीआरएएमजी (मनरेगा) कार्यालय में कार्यपालक सहायक के पद पर कार्यरत थे. रोज की तरह बुधवार यानी आज भी वो अपने कार्यालय जा रहे थे.

दाउदनगर (औरंगाबाद) से ओम प्रकाश की रिपोर्ट
Aurangabad Road Accident : घर से रोज की तरह ड्यूटी के लिए निकले कार्यपालक सहायक रंजीत कुमार की सड़क हादसे में मौत हो गई. दाउदनगर-बारुण रोड पर पिराहीबाग के समीप हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव और प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई.

ड्यूटी पर जाते समय हुआ हादसा

मृतक की पहचान दाउदनगर थाना क्षेत्र के भगवान बिगहा गांव निवासी स्वर्गीय जयनारायण सिंह के 35 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार के रूप में हुई है. वह ओबरा प्रखंड के वीवीजीआरएएमजी (मनरेगा) कार्यालय में कार्यपालक सहायक के पद पर कार्यरत थे. बुधवार सुबह वह बुलेट बाइक से ओबरा स्थित कार्यालय जा रहे थे. इसी दौरान पिराहीबाग के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.

मौके पर गई जान, साथी का इलाज जारी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि रंजीत कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में उनके साथ मौजूद अरुण कुमार उर्फ गुड्डू कुमार भी घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल दाउदनगर स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रंजीत कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं घायल अरुण कुमार का इलाज जारी है.

मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए. रंजीत कुमार की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने बताया कि रंजीत कुमार व्यवहार कुशल, मिलनसार और अपने कार्यों के प्रति समर्पित व्यक्ति थे.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलने पर सीओ शैलेन्द्र कुमार यादव, अपर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार, एसआई अभिषेक कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही ट्रैक्टर चालक की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.

क्षेत्र में शोक की लहर

रंजीत कुमार की असामयिक मौत से भगवान बिगहा गांव सहित पूरे दाउदनगर और ओबरा क्षेत्र में शोक व्याप्त है. एक युवा सरकारी कर्मी की सड़क हादसे में हुई मौत ने परिवार, सहकर्मियों और शुभचिंतकों को गहरा सदमा पहुंचाया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >