होटल में बाल श्रम का खुलासा, छापेमारी में एक नाबालिग मुक्त

Aurangabad News: अंबा चौक स्थित एक होटल में प्रशासन ने छापेमारी कर एक नाबालिग बाल श्रमिक को मुक्त कराया. श्रम विभाग की टीम ने होटल संचालक के खिलाफ एफआईआर की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आगे भी जिले में लगातार अभियान चलाने की बात कही है.

Aurangabad News(अंबुज पांडेय): जिले में बाल श्रम के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है. इस क्रम में डीएम अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर गठित श्रम विभाग की धावा दल ने गुरुवार को कुटुंबा प्रखंड मुख्यालय स्थित अंबा चौक के पास हरिहरगंज रोड में संचालित एक होटल में छापेमारी की. छापेमारी में एक बाल श्रमिक को मुक्त कराया गया है. जानकारी के अनुसार श्रम संसाधन विभाग की टीम ने अंबा चौक स्थित रंजन होटल में छापेमारी की.

इस दौरान होटल में एक नाबालिग से कार्य कराए जाने का मामला सामने आया. टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बाल श्रमिक को मुक्त कराया और उसे आवश्यक प्रक्रिया के तहत बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सामने पेश किया.

होटल में छापेमारी कर नाबालिग को छुड़ाया

छापेमारी अभियान में कुटुंबा के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रणविजय कुमार, नवीनगर के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी विजेंद्र कुमार सिंह तथा हसपुरा के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी दीपक कुमार शामिल थे. कार्रवाई के दौरान अंबा थाना की पुलिस भी मौके पर मौजूद रही. कुटुंबा के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रणविजय कुमार ने बताया कि जिला पदाधिकारी के निर्देश पर बाल श्रम उन्मूलन को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में रंजन होटल में छापेमारी की गई, जहां एक बाल श्रमिक कार्य करते पाया गया.

लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा

उन्होंने बताया कि होटल संचालक के विरुद्ध अंबा थाना में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है तथा संबंधित कानूनों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि बाल श्रमिकों से कार्य कराना कानून अपराध है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. प्रशासन की ओर से जिले के अन्य होटल, दुकानों और प्रतिष्ठानों में भी लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा. बाल श्रम कराने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

Also Read: मां कहलाने की चाह में किया बच्चों का अपहरण, चार साल बाद खुला राज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >