ढोसिला स्कूल में बदहाल व्यवस्था उजागर, खुले आसमान के नीचे पढ़ने को मजबूर छात्र

Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के रफीगंज प्रखंड के ढोसिला पंचायत स्थित वाजिद नीमा मध्य विद्यालय में अव्यवस्था और अनियमितताओं की शिकायतों पर बीईओ अमर कुमार ने औचक निरीक्षण किया. ग्रामीणों और छात्रों ने नामांकन, टीसी और विकास कार्यों में गड़बड़ी के आरोप लगाए. निरीक्षण में भवन की जर्जर स्थिति और मूलभूत सुविधाओं की कमी भी सामने आई, जिस पर सुधार के निर्देश दिए गए.

Aurangabad News(सत्येंद्र पाठक): औरंगाबाद जिले के रफीगंज प्रखंड अंतर्गत ढोसिला पंचायत स्थित वाजिद नीमा मध्य विद्यालय में व्याप्त कुव्यवस्था की शिकायत मिलने पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) अमर कुमार ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने विद्यालय प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाए, जिससे शिक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई.

अवैध रूप से राशि वसूलने का आरोप

ग्रामीणों ने बीईओ को बताया कि विद्यालय विकास मद की राशि में अनियमितता बरती गई है. उनका आरोप था कि पिछले तीन वर्षों में विद्यालय में कोई ठोस विकास कार्य नहीं कराया गया. शिक्षा समिति की बैठकों की जानकारी भी ग्रामीणों को नहीं दी जाती, जिससे पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं. छात्र-छात्राओं ने भी अपनी समस्याएं खुलकर रखीं. उन्होंने बताया कि नामांकन और स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) देने के नाम पर अवैध रूप से राशि वसूली जाती है. इसके अलावा विद्यालय में सभी बच्चों को बैग और किताबें उपलब्ध नहीं कराई गई हैं. कई छात्र अब भी आवश्यक शैक्षणिक सामग्री से वंचित हैं.

विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति

निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति भी सामने आई. पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बच्चों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. भीषण गर्मी के बावजूद पर्याप्त कमरे नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई खुले आसमान के नीचे कराई जा रही है.

शिक्षा समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बीईओ अमर कुमार ने प्रधानाध्यापिका को विद्यालय संचालन में सुधार लाने का निर्देश दिया. उन्होंने नियमित रूप से शिक्षा समिति की बैठक आयोजित करने, विद्यालय में पारदर्शिता बनाए रखने और जल्द से जल्द पेयजल सुविधा बहाल करने को कहा. बीईओ ने आश्वासन दिया कि शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: गया कॉलेज में परीक्षा के दौरान छात्रा ने पहली मंजिल से लगाई छलांग, मचा हड़कंप

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumarsuryakant

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >