पीरू नाला के पुराने पुल पर नहीं है रैलिंग, हादसे की आशंका से ग्रामीण चिंतित

Aurangabad News : हसपुरा-मेहंदिया रोड स्थित पीरू नाला पुल जर्जर है और रैलिंग न होने से बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द मरम्मत की मांग की है.

Aurangabad News : हसपुरा-मेहंदिया रोड स्थित पीरू नाला पर बने वर्षों पुराने पुल पर रैलिंग नहीं होने से ग्रामीणों में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है. पुल पुराना और जर्जर होने के साथ दोनों किनारों पर सुरक्षा रैलिंग नहीं होने के कारण यह मार्ग राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जोखिम भरा बना हुआ है. ग्रामीणों ने पथ निर्माण विभाग से पुल की मरम्मत कराने के साथ दोनों ओर मजबूत रैलिंग लगाने की मांग की है.

सड़क बनने के बाद बढ़ा वाहनों का दबाव

ग्रामीणों के अनुसार पीरू नाला पर पुल का निर्माण उस समय हुआ था, जब इस मार्ग पर सड़क का निर्माण नहीं हुआ था. उस समय बरसात के दिनों में आवागमन के लिए पुल का उपयोग किया जाता था. सड़क बनने के बाद इस मार्ग पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है. पुल के पुराने और जर्जर होने के साथ दोनों किनारों पर रैलिंग नहीं होने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है.

कई शहरों को जोड़ता है हसपुरा-मेहंदिया मार्ग

हसपुरा-मेहंदिया सड़क मार्ग काफी व्यस्त माना जाता है. इस पुल से होकर मेहंदिया, अरवल, बिहटा, आरा, विक्रम और पटना सहित कई शहरों के लिए प्रतिदिन दर्जनों छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है. इसके बावजूद पुल की मरम्मत और सुरक्षा के लिए रैलिंग लगाने की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है.

जनप्रतिनिधियों से कई बार लगायी जा चुकी है गुहार

पीरू पंचायत के मुखिया गोपाल सिंह, सरपंच अरविंद सिंह, पंचायत समिति सदस्य प्रतिमा कुमारी, पंसस प्रतिनिधि जयप्रकाश कुमार, राजद नेता शाहनवाज खां, समाजसेवी भैरोनाथ सिंह, जयराम प्रसाद, उपेंद्र कुमार सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि पुल की स्थिति को लेकर स्थानीय सांसद, विधायक और विधान पार्षद का कई बार ध्यान आकृष्ट कराया गया है. इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ. ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों की ओर से अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा है.

रात और बारिश में बढ़ जाता है हादसे का खतरा

ग्रामीणों ने बताया कि पुल पर रैलिंग नहीं होने के कारण रात के समय वाहन चालकों को परेशानी होती है. वहीं, बरसात के दिनों में पुल के आसपास की स्थिति और भी जोखिमपूर्ण हो जाती है. ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है.

जल्द मरम्मत और रैलिंग लगाने की मांग

ग्रामीणों ने पथ निर्माण विभाग और जनप्रतिनिधियों से पुल की स्थिति का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है. उन्होंने पुल की मरम्मत के साथ दोनों किनारों पर मजबूत रैलिंग लगाने की मांग करते हुए कहा कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाया गया तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता.

Also Read : उत्तर कोयल नहर में पानी के बावजूद अंतिम छोर तक नहीं पहुंच रहा सिंचाई का पानी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Satyadeo singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >