बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की जिला शाखा, औरंगाबाद के तत्वावधान में आगामी 15वें जिला सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), ओबरा में एक महत्वपूर्ण प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई. आगामी 25 अक्टूबर 2026 को यह जिला सम्मेलन आयोजित होना है, जिसे लेकर स्वास्थ्य कर्मियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.
बैठक का मुख्य एजेंडा इस सम्मेलन को पूरी तरह सफल बनाने तथा ओबरा प्रखंड से अधिक से अधिक कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा. इस दौरान कर्मचारियों की सेवा संबंधी विभिन्न प्रमुख समस्याओं और मांगों को जिला सम्मेलन में पूरी प्रमुखता के साथ उठाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया. इसके लिए सभी कर्मचारियों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों की सूची तैयार करने तथा परिवहन, उपस्थिति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर उपस्थित कर्मियों के बीच जिम्मेदारियां तय की गईं.
इन प्रमुख मुद्दों पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान कर्मचारियों के हितों से जुड़े कई गंभीर मामलों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया, जिनमें मुख्य रूप से आठवें वेतन आयोग, महंगाई भत्ते (DA) में वृद्धि, पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली, संविदा कर्मियों के नियमितीकरण, एसीपी (ACP) एवं पदोन्नति के लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन, सेवा संपुष्टि तथा एक पारदर्शी स्थानांतरण नीति लागू करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल रहे.
वक्ताओं ने अपने संबोधन में जोर देते हुए कहा कि कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन की एकजुटता और इसमें सबकी सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है. बैठक के अंत में सभी स्वास्थ्य कर्मियों से अपील की गई कि वे आगामी 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले जिला सम्मेलन में भारी से भारी संख्या में शामिल हों.
बैठक में इनकी रही उपस्थिति
इस प्रखंड स्तरीय बैठक के दौरान चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवि शंकर, डॉ. दिव्या भारती, डॉ. राजू कुमार यादव, बड़ाबाबू अरुण, फार्मासिस्ट अमित कुमार, जिला संयोजक संजय कुमार सिंह, जिला सह संयोजक राकेश कुमार सिंह, प्रबंधक विकास शंकर, प्रयोगशाला प्रावैधिकी जितेंद्र कुमार, एएनएम मंजू कुमारी एवं अर्चना कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अन्य प्रमुख कर्मचारी और अधिकारी उपस्थित रहे.
