मदनपुर थाना क्षेत्र के सुग्गी गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बुधवार देर रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी. हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया.
मृतक की पहचान कुटुंबा थाना क्षेत्र के सरईवार गांव निवासी धनुकी राम के 31 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है. वहीं घायल ललन कुमार मदनपुर थाना क्षेत्र के सुग्गी गांव निवासी शपथ भुइयां के पुत्र हैं.
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मदनपुर पहुंचाया गया. वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ जितेंद्र सिंह ने जांच के बाद दीपक कुमार को मृत घोषित कर दिया.
वहीं गंभीर रूप से घायल ललन कुमार का इलाज अस्पताल में जारी है. घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल में भी लोगों की भीड़ जुट गयी.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार और एसआई रोहित कुमार अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने मामले की जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया.
पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है. थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि औरंगाबाद में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
15 वर्षों से ससुराल में रह रहा था दीपक
बताया जाता है कि दीपक कुमार पिछले करीब 15 वर्षों से अपने ससुराल सुग्गी गांव में रह रहा था. उसके परिवार में पत्नी अनीता देवी, दो बेटे और दो बेटियां हैं. सभी बच्चे अभी नाबालिग हैं.
हादसे के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं सुग्गी गांव के साथ दीपक के पैतृक गांव सरईवार में भी मातम पसरा हुआ है.
मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
दीपक की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. चारों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
स्थानीय लोगों ने अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है. वहीं पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है.
