Aurangabad News : औरंगाबाद जिले में टीआर कॉन्वेंट, देव में बिहार पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक जिलाध्यक्ष अजय पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में संगठन के विस्तार, निजी विद्यालयों की समस्याओं तथा संगठन को प्रखंड स्तर तक सशक्त बनाने पर चर्चा की गई. इस दौरान सर्वसम्मति से देव प्रखंड की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया.
संगठन का विस्तार किया जा रहा
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अजय पांडेय ने कहा कि निजी विद्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन की मजबूती बेहद आवश्यक है. उन्होंने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों में संगठन का विस्तार किया जा रहा है, ताकि विद्यालयों की समस्याओं को सामूहिक रूप से उठाया जा सके. जिला सचिव रिंकू सिंह ने संगठन के उद्देश्य और कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए सभी विद्यालय संचालकों से संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया.
देव प्रखंड की नई कार्यकारिणी गठित
बैठक में सर्वसम्मति से सूर्यकांत कुमार को देव प्रखंड अध्यक्ष और अविनाश कुमार चौरसिया को सचिव चुना गया. इसके अलावा बब्लू कुमार को उपाध्यक्ष, प्रमोद कुमार को उपसचिव, शशिरंजन मौआर को कोषाध्यक्ष तथा सुबोध वैद्य को उपकोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई. साथ ही देव प्रखंड के सभी निजी विद्यालयों को संगठन से जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया.
निजी विद्यालय समाज निर्माण में निभा रहे अहम भूमिका
नवनिर्वाचित प्रखंड अध्यक्ष ने सभी विद्यालय संचालकों से संगठन की एकता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सभी का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है. वहीं संगठन के संरक्षक सत्येंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि निजी विद्यालय संचालक और शिक्षक बिना किसी सरकारी सहयोग के बच्चों का भविष्य संवारने के साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं. उन्होंने विद्यालय संचालकों से शिक्षा विभाग के साथ समन्वय बनाकर निडर होकर कार्य करने की अपील की.
बैठक के अंत में जिला महासचिव संतोष कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया. इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष दिलीप सिंह, कोषाध्यक्ष विजय कुमार कश्यप, अजीत कुमार, धीरेन्द्र दुबे, सुनील कुमार सिंह, कृष्णकांत सिंह, नीरज कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.
