Bulldozer Action : औरंगाबाद में बढ़ते अतिक्रमण और उससे प्रभावित हो रहे आवागमन को देखते हुए शनिवार को नगर पंचायत की ओर से अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया गया. नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी मैमून निशा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया. इस कार्रवाई से सड़क किनारे दुकान लगाने वाले और सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करने वाले लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति रही.
नगर पंचायत कार्यालय से शुरू हुआ अभियान थाना होते हुए कालीस्थान और हाजीपुर गोला तक चलाया गया. इस दौरान नगर पंचायत की टीम ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया और सार्वजनिक जगहों को खाली कराया. टीम ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों को स्पष्ट रूप से हिदायत दी कि वे सड़क की निर्धारित सीमा में ही अपनी दुकान और अन्य गतिविधियां संचालित करें.
अतिक्रमण से आवागमन में होती है परेशानी
अभियान के दौरान अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर दुकानदारों और अन्य लोगों की ओर से किए जाने वाले अतिक्रमण के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है. इससे वाहनों और पैदल राहगीरों के आवागमन में परेशानी होती है. कई जगहों पर अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है.
नगर पंचायत प्रशासन ने दुकानदारों से सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर सामान फैलाकर नहीं रखने की अपील की. अधिकारियों ने कहा कि शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित रखने के लिए सभी लोगों का सहयोग जरूरी है. निर्धारित सीमा के अंदर रहकर कारोबार करने से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर रहेगी, बल्कि आम लोगों को भी आवागमन में सुविधा होगी.
आगे भी जारी रहेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
नगर पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शनिवार को चलाया गया अभियान सिर्फ एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा. शहर में सार्वजनिक मार्गों और स्थानों पर अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रखा जाएगा.
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गयी है कि वे कार्रवाई का इंतजार करने के बजाय खुद ही सड़क और सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटा लें. नगर पंचायत ने लोगों से निर्धारित सीमा के भीतर दुकान और अन्य गतिविधियां संचालित करने तथा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में सहयोग करने को कहा है.
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान नगर पंचायत की टीम ने शहर के विभिन्न हिस्सों का जायजा भी लिया और लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा कब्जा नहीं करने की चेतावनी दी. प्रशासन की इस कार्रवाई से यह साफ है कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सार्वजनिक जगहों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए आगे भी सख्ती जारी रहेगी.
