Aurangabad News : भगवान प्रसाद शिवनाथ प्रसाद बीएड कॉलेज में ओबरा विधायक डॉ. प्रकाशचंद्र की ओर से यदुवंशी जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया. इस दौरान विधायक ने जातीय सौहार्द, विकास और जनसंवाद से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि समाज को जाति के नाम पर बांटने की कोशिश करने वालों से लोगों को सावधान रहने की जरूरत है.
जाति के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास गलत : विधायक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. प्रकाशचंद्र ने कहा कि कुछ लोग जाति के नाम पर समाज को आपस में लड़ाने का प्रयास कर रहे हैं. एक समाज को दूसरे समाज से अलग-थलग करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि वह जातिवाद की राजनीति नहीं करते. उन्हें सभी जाति और धर्म के लोगों ने वोट दिया है और वे सभी के विकास के लिए काम करने को प्रतिबद्ध हैं.
विधायक ने कहा कि उन्होंने अपना विधायक फ्लैट जनता का आवास बनाकर जनता को सौंप दिया है. यहां किसी से उसकी जाति नहीं पूछी जाती, बल्कि सभी लोगों के रहने और खाने की सुविधा उपलब्ध है. जातीय नफरत फैलाने वालों को वहां जाकर स्थिति देखनी चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में जनसेवक जनता के साथ खड़ा रहेगा.
गलतफहमियां दूर करने के लिए आयोजित हुआ जनसंवाद
डॉ. प्रकाशचंद्र ने कहा कि वे लगातार क्षेत्र के लोगों से संवाद करते रहते हैं. क्षेत्र में संवादहीनता की स्थिति कहीं नहीं है. गलतफहमियों को दूर करने और आपसी भाईचारा मजबूत करने के उद्देश्य से विशेष रूप से यदुवंशी जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है. उन्होंने कहा कि जातीय नफरत को समाप्त करने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं. आने वाले समय में सामूहिक संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा.
विधायक ने कहा कि वे प्रतिदिन करीब 500 लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनते हैं और यथासंभव उनके समाधान का प्रयास करते हैं. जनप्रतिनिधि के रूप में जनता से सीधा संवाद उनकी प्राथमिकता है.
एनएच-139 के चौड़ीकरण और डिग्री कॉलेज का किया जिक्र
विधायक ने अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि एनएच-139 के औरंगाबाद-पटना मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण और फोरलेन निर्माण के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है. ओबरा में डिग्री कॉलेज खुलवाया गया है और अब उसके भवन निर्माण के लिए जमीन की तलाश की जा रही है.
Also Read : जनसुनवाई में पहुंचे 40 परिवादी, नवादा डीएम ने गंभीरता से सुनीं समस्याएं
पूर्व विधायक ने कहा- प्रकाशचंद्र कर रहे बेहतर काम
पूर्व विधायक सत्यनारायण सिंह ने कहा कि चुनाव के समय उन्होंने कहा था कि उनसे अधिक बड़ा काम प्रकाशचंद्र करेंगे और आज वे उसी दिशा में काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि अब तक ओबरा का कोई नेता किसी भी पार्टी के किसी प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बना था. डॉ. प्रकाशचंद्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से ओबरा का मान राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित हुआ है.
कई लोगों ने कार्यक्रम को किया संबोधित
कार्यक्रम को राधेश्याम सिंह, अर्जुन यादव, इंदल यादव, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष संजय सिंह सोम, सेवानिवृत्त शिक्षक दीनदयाल सिंह, हेलीकॉप्टर हाउस के अजीत सिंह, करमा पंचायत मुखिया प्रतिनिधि राजकिशोर सिंह यादव, पूर्व प्रमुख केदार यादव एवं दिलीप सिंह सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता माधो सिंह ने की, जबकि संचालन प्रधानाध्यापक डॉ. अनिल कुमार मंडल एवं सेवानिवृत्त शिक्षक युगेश्वर सिंह ने संयुक्त रूप से किया.
Also Read : नवादा में लगातार बारिश से सकरी नदी उफान पर, तेज बहाव को लेकर ग्रामीणों को किया गया सतर्क
