Aurangabad News : कुटुंबा थाना क्षेत्र के ढीबर पिपरा गांव के समीप उत्तर कोयल मुख्य नहर में डूबने से एक अधेड़ की मौत हो गई. मृतक की पहचान मिर्जापुर गांव निवासी कृष्णा पासवान (50 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
शौच के लिए निकले थे घर से
ग्रामीणों के अनुसार कृष्णा पासवान रविवार सुबह घर से शौच के लिए निकले थे. आशंका जताई जा रही है कि नहर के किनारे उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए, जिससे डूबने से उनकी मौत हो गई। हालांकि, घटना किस परिस्थिति में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है.
क्रॉस रेगुलेटर गेट में फंसा मिला शव
स्थानीय लोगों ने ढीबर गांव के पास नहर के क्रॉस रेगुलेटर गेट में शव फंसा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष उमेश कुमार, एएसआई मोहम्मद इस्तेखार तथा डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद और पोकलेन मशीन के सहारे काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
अपर थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया और फिर परिजनों को सौंप दिया गया. कृष्णा पासवान गरीब एवं भूमिहीन परिवार के कमाऊ सदस्य थे. उनकी असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
