Aurangabad News : औरंगाबाद के संसा रोड स्थित न्यूटेक कंप्यूटर एजुकेशन एंड टाइपिंग सेंटर में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतिभा खोज प्रवेश परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी प्रतिभा और प्रयासों को प्रोत्साहित किया गया. समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ शिक्षा और कौशल विकास के प्रति रुचि विकसित करना था.
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच विद्यार्थियों को मिला सम्मान
प्रतिभा खोज प्रवेश परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया. प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली रूचि कुमारी, द्वितीय स्थान पर रहीं अंकिता कुमारी, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सुधांशु कुमार, चतुर्थ स्थान पर रहीं विंध्यवासिनी कुमारी तथा पंचम स्थान प्राप्त करने वाली रानी कुमारी को मेमेंटो, मेडल और परिणाम पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. वहीं परीक्षा में शामिल अन्य सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनके प्रयासों की सराहना की गई.
अतिथियों ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
समारोह में मुख्य अतिथि एक्सीलेंट कोचिंग के निदेशक चंदन कुमार, भाजपा नगर अध्यक्ष श्याम पाठक तथा नाथ फिजिकल अकादमी के निदेशक रंजीत कुमार उपस्थित रहे. अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर समय-समय पर सम्मानित करना उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है. ऐसे आयोजनों से बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और आगे बढ़ने का उत्साह मिलता है.
शिक्षकों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्था के शिक्षक सुजीत कुमार, धीरज कुमार और उमा कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही. समारोह में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक तथा संस्था से जुड़े कई लोग भी मौजूद रहे.
प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का रहेगा प्रयास
संस्था के निदेशक सतीश पाठक ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मंच देकर सम्मानित करना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है. इससे विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और वे अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित होते हैं. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने तथा शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे.
Also Read : वारिसलीगंज के हरिओम कुमार ने असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा में पाई सफलता, क्षेत्र का बढ़ाया मान
