पईन में डूबने से युवक की दर्दनाक मौत, दो माह के मासूम बेटे और डेढ़ वर्षीय बेटी के सिर से उठा पिता का साया

Aurangabad News : औरंगाबाद के मदनपुर में पईन में डूबने से 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत. दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, गांव में पसरा मातम.

Aurangabad News : मदनपुर थाना क्षेत्र के मिठईयां गांव में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसे में 25 वर्षीय युवक की पईन में डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान स्व. रोहित चौधरी के पुत्र राजू चौधरी के रूप में हुई है. हादसे के बाद पत्नी, मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है.

शौच के लिए निकला था युवक, पैर फिसलने से पईन में गिरा

मिली जानकारी के अनुसार, राजू चौधरी गुरुवार की सुबह गांव के पूरब स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-19 की दक्षिणी लेन के किनारे शौच के लिए गया था. इसी दौरान पैर फिसलने से वह पास की पईन के गहरे पानी में गिर गया. आसपास किसी के मौजूद नहीं होने के कारण उसे समय पर मदद नहीं मिल सकी और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई.

काफी देर बाद पईन में मिला शव

राजू के काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद परिजनों ने आसपास खोजबीन शुरू की. इसी दौरान पईन में राजू का शव दिखाई दिया. परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे पानी से बाहर निकालकर बचाने का प्रयास करने लगे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया. घटना की सूचना मिलने पर मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार और अंचलाधिकारी अकबर हुसैन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी.

घटना के बाद ग्रामीणों की लगी भीड़

तीन साल पहले हुई थी शादी, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा साया

राजू चौधरी की शादी करीब तीन वर्ष पहले गुड़िया देवी से हुई थी. उनके परिवार में डेढ़ वर्ष की एक मासूम बेटी और महज दो माह का एक बेटा है. हादसे के बाद दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया. पत्नी गुड़िया देवी की चीख-पुकार और मां सत्या कुंवर की आंखों से बहते आंसुओं ने मौके पर मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया.

मिलनसार और मेहनती युवक था राजू

ग्रामीणों ने बताया कि राजू चौधरी मिलनसार और मेहनती युवक था. उसकी असमय मौत से गांव के लोग स्तब्ध हैं. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया.

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है और पूरे इलाके में शोक की लहर है.

Also Read : नवादा के गोविंदपुर में संत रविदास की 650वीं जयंती पर निकली भव्य कलश यात्रा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विनय सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >