Aurangabad News : जनेश्वर विकास केंद्र एवं महोत्सव परिवार के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को अधिवक्ता संघ सभागार में बैठक आयोजित की गयी. बैठक में 29 अगस्त को हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस और तीन दिवसीय खेल महोत्सव की तैयारियों तथा कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गयी. बैठक की अध्यक्षता जनेश्वर विकास केंद्र के अध्यक्ष रामजी सिंह ने की.
27 अगस्त को फुटबॉल टूर्नामेंट से होगा खेल महोत्सव का आगाज
बैठक को संबोधित करते हुए अधिवक्ता सिद्धेश्वर विद्यार्थी ने बताया कि मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर तीन दिवसीय खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. महोत्सव का शुभारंभ 27 अगस्त को देव हाई स्कूल के फील्ड ग्राउंड से होगा. यहां अंबा और देव के बीच फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा.
29 अगस्त को कबड्डी, कुश्ती और बैडमिंटन प्रतियोगिता
उन्होंने बताया कि 29 अगस्त की सुबह सात बजे से शहर के इंडोर स्टेडियम में कबड्डी, कुश्ती और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. इसके बाद दोपहर दो बजे से अधिवक्ता संघ सभागार में संगोष्ठी और सम्मान समारोह का आयोजन होगा. समारोह में जिले के पुराने नामचीन खिलाड़ियों के साथ प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मेजर ध्यानचंद सम्मान से सम्मानित किया जाएगा.
Also Read : दिल्ली रैली में साहेबपुर कमाल से सैकड़ों कार्यकर्ता होंगे शामिल, भाकपा ने बैठक कर बनाई रणनीति
अलग-अलग प्रतियोगिताओं की जिम्मेदारी सौंपी गयी
बैठक में बताया गया कि खेल महोत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी कुश्ती संघ के सचिव उदय तिवारी, कान्हा सिंह, अजय कुमार और नागेंद्र कुमार को सौंपी गयी है. वहीं, महोत्सव संयोजक के रूप में कला कौशल मंच के अध्यक्ष आदित्य श्रीवास्तव तथा खेल विभाग के संयोजक वीरेंद्र सिंह को जिम्मेदारी दी गयी है.
Also Read : वीरपुर में जलजमाव से परेशान पूजा समिति ने खुद समतल की सड़क, जन्माष्टमी मेले की तैयारी तेज
प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच देना उद्देश्य
वीरेंद्र सिंह और आदित्य श्रीवास्तव ने कहा कि खेल महोत्सव की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गयी हैं. आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी खेल प्रतिभा को जिला और राज्य स्तर से आगे बढ़ाकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलायी जा सके. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा.
बैठक में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
बैठक में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सुरेंद्र प्रसाद मिश्र, हेरम्ब मिश्रा, अनिल सिंह, संजय सिंह, ललन सिंह, उज्ज्वल रंजन, धनंजय सिंह, नगीना सिंह, प्रो. राम पुकार सिंह, वेद प्रकाश, अविनाश कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. बैठक में खेल महोत्सव को सफल बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गयी और आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने पर जोर दिया गया.
Also Read : बेगूसराय बलिया में तीन वर्षीय बच्चे के अपहरण से मचा हड़कंप, डॉग स्क्वायड से पुलिस ने शुरू की तलाश
