Aurangabad News: जिला परिवहन कार्यालय के निर्देश पर गुरुवार को खराटी-ओबरा क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में दोपहिया और चार पहिया वाहनों की गहन जांच की गई.
64 वाहनों पर 2.29 लाख रुपये का जुर्माना
अभियान के दौरान चालकों के हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन निबंधन (RC), बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र (PUC) और अन्य कागजातों की बारीकी से जांच की गई. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 64 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 2,29,500 रुपये का जुर्माना (शमन शुल्क) लगाया गया.
सड़क सुरक्षा को लेकर चालकों को किया गया जागरूक
जांच के साथ-साथ परिवहन विभाग की टीम ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया. चालकों को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की हिदायत दी गई.
नियमित रूप से जारी रहेगा जांच अभियान
जिला परिवहन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए जिले में इस तरह का विशेष जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाया जाता रहेगा. उन्होंने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.
