फेसर थाने के परसी गांव के समीप हुई घटना, बिना देखे की चालक ने बढ़ा दिया बस औरंगाबाद ग्रामीण. फेसर थाना क्षेत्र के परसी गांव के समीप लापरवाही भरी दुर्घटना में छह वर्षीय मासूम की मौत हो गयी. एक निजी विद्यालय की बस की चपेट में आने से बच्चे की मौत हो गयी. जानकारी मिली कि जिस स्कूल बस से मासूम अपने घर जाने के लिए उतरा, चालक की गलती से वहीं बस उस पर चढ़ गयी. वैसे मृत मासूम की पहचान परसी गांव निवासी अविनाश कुमार के पुत्र लक्ष्य कुमार उर्फ पप्पू के रूप में हुई है. यह घटना शनिवार की दोपहर की बतायी जा रही है. सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने बताया कि लक्ष्य उर्फ पप्पू यूकेजी का छात्र था और वह थाना क्षेत्र के ही इब्राहिमपुर गांव स्थित एक निजी विद्यालय में पढ़ने के लिए जाता था. शनिवार की दोपहर वह विद्यालय से छुट्टी होने के बाद स्कूल बस से अपने घर के पास उतरा़ बस से उतरने के बाद वह पैदल घर की तरफ जाने के लिए सड़क पार करने लगा. इसी दौरान लापरवाह चालक ने बस को आगे बढ़ा दिया, जिससे मासूम उक्त बस की चपेट में आ गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. परिजनों का कहना है कि बस चालक की लापरवाही से लक्ष्य उर्फ पप्पू की जान गयी है. घटना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी. स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया और बस को भी जब्त कर लिया. आनन-फानन में परिजनों ने मासूम को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां के डॉक्टरों ने नब्ज टटोलते ही मृत घोषित कर दिया. इसके बाद घटना की सूचना नगर थाने की पुलिस को दी गयी. सूचना पर नगर थाने की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और मौसम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करायी. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. परिजनों ने बताया कि मृतक मासूम दो भाइयों में बड़ा था. उसकी एक बहन है. पिता खेतीबाड़ी कर अपने परिवार वालों का भरण-पोषण करते है. परिजनों ने स्कूली बस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है. स्कूल बस पर सिर्फ चालक रहता है. कंडक्टर नहीं रखा जाता है. बच्चे खुद से बस से उतरते है और खुद से ही सड़क पार कर घर जाते हैं. अगर बस चालक मासूम को देखकर बस को आगे बढ़ाता, तो घटना नहीं होती. यह विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही है. हालांकि, परिजनों ने चालक और बस को फेसर थाने के हवाले करा दिया. घटना की सूचना पर फेसर थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक ज्योति कुमारी, थानाध्यक्ष वर्षा कुमारी दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की. वर्षा कुमारी ने बताया कि घटना के बाद बस को जब्त कर लिया गया है और चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. परिजनों द्वारा आवेदन मिलने के उपरांत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
