Aurangabad News : बुधवार शाम हुई भारी बारिश ने सदर अस्पताल की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी. तेज बारिश के कारण अस्पताल के बाहरी परिसर के साथ-साथ महिला और पुरुष वार्ड में भी पानी भर गया. वार्डों में पानी घुसने से भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. कई मरीजों को पानी से बचने के लिए मजबूरी में अपने पैर बेड पर समेटकर बैठना पड़ा.
जलजमाव से अस्त-व्यस्त हुई अस्पताल की व्यवस्था
बारिश का पानी वार्डों में फैल जाने से अस्पताल का वातावरण पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया. मरीजों के परिजनों ने बताया कि जलजमाव के कारण वार्डों में आवाजाही मुश्किल हो गई. वहीं स्वास्थ्यकर्मियों को भी मरीजों तक पहुंचने में परेशानी हुई. अस्पताल परिसर में पानी भर जाने से आने-जाने वाले लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.
Also Read : नवादा: मामूली विवाद में पिस्टल लहराने वाला गिरफ्तार, देसी पिस्टल-6 जिंदा कारतूस बरामद
पुराने भवन में चल रही ओपीडी, छत से भी टपका पानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि सदर अस्पताल परिसर में नया भवन बनने के बावजूद अब भी पुराने भवन में ओपीडी का संचालन किया जा रहा है. इसी पुराने भवन के वार्डों में मरीजों को भर्ती रखा जाता है. भवन काफी पुराना होने के कारण बारिश के दौरान कई जगहों पर छत से पानी का रिसाव भी हुआ, जिससे मरीजों की परेशानी और बढ़ गई.
Also Read : सिरदला में विभागीय समीक्षा बैठक, योजनाओं में पारदर्शिता और समयबद्ध लाभ वितरण पर जोर
जलनिकासी व्यवस्था पर उठे सवाल
बारिश के बाद अस्पताल परिसर की जलनिकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं. मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा पुराने भवन की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बारिश के मौसम में मरीजों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. भारी बारिश के बाद सामने आई यह स्थिति अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है.
Also Read : एकलव्य खेल योजना के तहत जिला खेल पदाधिकारी ने किया इंटर विद्यालय रजौली का निरीक्षण
