औरंगाबाद में बच्चों ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

विवेकानंद विजन स्कूल के छात्रों ने आत्मोदय अभियान के तहत औरंगाबाद में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया। डॉ शंभूशरण ने की सराहना।

Aurangabad News: औरंगाबाद जिले में मंगलवार को विवेकानंद विजन आइडियल पब्लिक स्कूल के बच्चों ने 'आत्मोदय अभियान' के तहत शहर के कई स्थानों पर पौधारोपण किया. छात्रों ने मंडल कारा, मुफस्सिल थाना, मध्य विद्यालय ओरा और पंचायत सरकार भवन ओरा में पौधे लगाए तथा वहां मौजूद अधिकारियों व आम लोगों से पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण, मृदा संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य और जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर संवाद स्थापित किया.

इस दल को विवेकानंद ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के निदेशक डॉ. शंभूशरण सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

मुफस्सिल थाना से लेकर मंडल कारा तक हुआ पौधारोपण

'विवेकानंद ग्रीन ब्रिगेड इको क्लब' के छात्र-छात्राओं के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर पौधे रोपे गए:

  • मुफस्सिल थाना: पुलिस निरीक्षक अर्पणा भारती व अवर निरीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में पौधारोपण किया गया और बच्चों के साथ पर्यावरण एवं सुरक्षा विषय पर चर्चा हुई.
  • मध्य विद्यालय ओरा: प्रधानाचार्य रमेश कुमार की अगुवाई में पौधारोपण हुआ, जिसमें ओरा विद्यालय के बच्चों ने भी सहभागिता की. प्रधानाचार्य ने इसे अत्यंत सामयिक और सराहनीय प्रयास बताया.
  • मंडल कारा व पंचायत सरकार भवन: हवलदार प्रेम कुमार मिश्र की अगुआई में मंडल कारा परिसर में पौधे लगाए गए. इसके बाद ओरा पंचायत सरकार भवन में आम जनता के साथ पौधारोपण कर संवाद स्थापित किया गया, जिसकी स्थानीय लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की.

27 वर्षों से जारी है अभियान, 1,000 पौधे लगाने का लक्ष्य

निदेशक डॉ. शंभूशरण सिंह ने बताया कि आत्मोदय अभियान के तहत बच्चे समाज से सीधे जुड़कर पर्यावरण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जल संकट जैसे विषयों पर जन-जागरूकता फैलाते हैं.

वहीं, संस्थान के चेयरमैन मनीष वत्स ने जानकारी दी कि यह कार्यक्रम विवेकानंद परिवार द्वारा विगत 27 वर्षों से स्वामी विवेकानंद जी की पुण्यस्मृति में आयोजित किया जाता रहा है. इस अभियान के तहत समाज को जागरूक करने के साथ-साथ कुल एक हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है.

इस दौरान टीम में शिक्षक अविनाश कुमार, अखिलेश शर्मा और नित्यानंद कुमार सहित कई अन्य शिक्षक मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sujit kumar

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >