गोह (औरंगाबाद) से मणिकांत पांडे की रिपोर्ट
STF Action Aurangabad : गोह पुलिस और एसटीएफ की विशेष टीम ने एक संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन बाइकों पर सवार चार शातिर अपराधियों को धर दबोचा है. पुलिस ने इनके पास से तीन पिस्टल और 60 जिंदा कारतूस बरामद किए थे, जिसके बाद अपराधियों की निशानदेही पर छापेमारी कर अन्य हथियार और कारतूस भी जब्त किए गए हैं.
दामोदरपुर के पास घेराबंदी कर दबोचे गए अपराधी
जानकारी के अनुसार, एसटीएफ की विशेष टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन बाइक पर सवार चार संदिग्ध युवक पुलिस बल को देखकर रफीगंज की ओर से गोह की तरफ तेजी से भाग रहे हैं. सूचना मिलते ही गोह थाना के सब-इंस्पेक्टर चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने कार्रवाई की. रफीगंज रोड स्थित दामोदरपुर गांव के समीप सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया. जैसे ही तीनों बाइकें वहां पहुंचीं, पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए चारों युवकों को घेरकर पकड़ लिया.
एसटीएफ कार्रवाई में इनकी हुई गिरफ्तारी
पुलिस की गिरफ्त में आए चारों युवकों की पहचान गोह थाना क्षेत्र के झारी गांव निवासी ननहक सिंह के पुत्र रोहित कुमार, हसपुरा थाना क्षेत्र के टनकुपी गांव निवासी राम जीवन राम के पुत्र गणेश कुमार, गोह थाना क्षेत्र के प्राणपुर गांव निवासी मरहूम नसीरुद्दीन के पुत्र मो. इस्तेखर आलम और प्राणपुर गांव के ही मो. असलम अंसारी के पुत्र सुहैल आलम उर्फ बलीस्टर आलम के रूप में की गई है.
गिरफ्तार अपराधियों के निशादेही पर हो रही छापेमारी
पुलिस सूत्रों से जानकारी मिली है कि अपराधियों के पास से तीन पिस्टल, 60 जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही तीनों बाइक जब्त की गईं. इसके बाद गिरफ्त में आए अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की, जहां से कई अन्य पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं.
औरंगाबाद में NH-19 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत, सड़क पार करते समय हुआ हादसा
बड़ी साजिश नाकाम, खंगाला जा रहा आपराधिक इतिहास
हथियारों के इस बड़े जखीरे के साथ पकड़े गए इन शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी से इलाके में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश नाकाम हो गई है. पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि इतनी बड़ी संख्या में हथियार कहां से लाए गए थे और इनका मुख्य सरगना कौन है. पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है.
खबर अपडेट किया जा सकता है
इसे भी जानें. औरंगाबाद पुलिस केंद्र में आज पासिंग आउट परेड, 412 नव-नियुक्त सिपाही बनेंगे बिहार पुलिस का हिस्सा
