उच्च शिक्षा संस्थानों की स्थापना कर युवाओं को शिक्षा प्राप्त करने का दिया अवसर

शिक्षा व सामाजिक न्याय के लिए राम लखन सिंह यादव के योगदान को किया गया याद, कॉलेज में धूमधाम से मनायी गयी राम लखन सिंह यादव की 106वीं जयंती

औरंगाबाद नगर. औरंगाबाद स्थित रामलखन सिंह यादव कॉलेज परिसर में सोमवार को समाजवादी नेता एवं शिक्षाविद् स्व राम लखन सिंह यादव की 106वीं जयंती मनायी गयी. इस अवसर पर समारोह में जिले के कई गणमान्य लोग, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक व छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. कार्यक्रम का आयोजन बुद्धिजीवी चेतना मंच के तत्वावधान में किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व मंत्री डॉ सुरेश पासवान, प्रो प्रमोद यादव, प्रो आशीष यादव, जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, शिक्षक संतोष यादव, पूर्व प्रत्याशी प्रमोद चंद्रवंशी सहित अन्य अतिथियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इसके बाद वक्ताओं ने राम लखन सिंह यादव के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला. वक्ताओं ने कहा कि राम लखन सिंह यादव ने उस दौर में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किये, जब बिहार में उच्च शिक्षा की भारी कमी थी. उन्होंने बिहार के विभिन्न जिलों में उच्च शिक्षा संस्थानों की स्थापना कर हजारों युवाओं को शिक्षा प्राप्त करने का अवसर दिया. उनके प्रयासों से ग्रामीण और पिछड़े इलाकों में भी कॉलेजों की स्थापना संभव हो सकी, जिससे शिक्षा का दायरा व्यापक हुआ. यादव महासभा के अध्यक्ष नागेंद्र सिंह यादव ने कहा कि राम लखन सिंह यादव एक विद्वान, प्रखर वक्ता और कांग्रेस के प्रभावशाली नेता थे. उन्होंने कहा कि वे बिहार के मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार थे, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व द्वारा उन्हें नजरअंदाज कर जगन्नाथ मिश्रा को मुख्यमंत्री बनाया जाना उस समय की सामंती सोच को दर्शाता है. वक्ताओं ने कहा कि राम लखन सिंह यादव का राजनीतिक व सामाजिक जीवन आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उन्होंने समाज में शिक्षा के प्रसार, सामाजिक न्याय और समानता के लिए जो कार्य किये, वे हमेशा याद किये जायेंगे. मौके पर राजद के प्रदेश महासचिव इं सुबोध कुमार सिंह, जिला पार्षद शंकर यादव, संजीत यादव, सुरेंद्र यादव, अनिल यादव, छात्र नेता चंदन यादव, देव प्रखंड के राष्ट्रीय जनता दल के प्रखंड अध्यक्ष संगीता यादव, किसान नेता पूनम यादव, शेरघाटी की मंजू सिंह, रामजनम यादव आदि मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Panchdev kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >