औरंगाबाद से सुजीत कुमार सिंह की रिपोर्ट
Aurangabad News : जम्होर थाना क्षेत्र के देवहरा पर गांव के समीप बड़ी नहर में डूबने से 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि कपड़ा धोने के दौरान फिसलकर नहर में बहकर लापता हो गयी थी. मृतका की पहचान मदनपुर के कठवर गांव निवासी नरेश महतो की पुत्री आरती कुमारी के रूप में की गई है. घटना के करीब 19 घंटे बाद शनिवार की सुबह उसका शव नहर से बरामद किया गया.
शुक्रवार सुबह की घटना, बच्चों ने दी जानकारी
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार आरती शुक्रवार की सुबह करीब 9:30 बजे गांव के कुछ अन्य बच्चों के साथ कपड़ा धोने के लिए बड़ी नहर पर गई थी. कपड़ा धोने के दौरान वह फिसलकर नहर में गिर गई और तेज बहाव में डूबकर लापता हो गई. उसके साथ मौजूद बच्चों ने गांव पहुंचकर शोर मचाया और परिजनों को घटना की जानकारी दी.
घटना की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और ग्रामीण बड़ी संख्या में नहर किनारे पहुंचे और किशोरी की तलाश शुरू कर दी. मृतका के भाई बबलू कुमार, राजकुमार, योगेंद्र मेहता तथा चाचा गुप्तेश्वर मेहता, सुभाष वर्मा समेत अन्य ग्रामीण लगातार खोजबीन में जुटे रहे.
पूरे दिन और रात चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से खोजबीन शुरू कराई. काफी प्रयास के बावजूद जब कोई सफलता नहीं मिली तो गयाजी से गोताखोरों की टीम को बुलाया गया. गोताखोरों और ग्रामीणों द्वारा पूरे दिन तथा पूरी रात नहर में तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन आरती का कोई पता नहीं चल सका.
Also Read: कथित फर्जी एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई: सांसद सुदामा प्रसाद
सुबह नहर में उपलाता मिला शव
शनिवार की सुबह करीब 5:45 बजे घटनास्थल से लगभग 500 मीटर आगे नहर में एक शव उपलाता हुआ दिखाई दिया. ग्रामीणों ने तत्काल नहर में उतरकर शव को बाहर निकाला. शव की पहचान आरती कुमारी के रूप में होते ही वहां मौजूद परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. घटनास्थल से लेकर गांव तक मातमी सन्नाटा पसर गया.
मां-बाप की इकलौती बेटी थी आरती
नहर में डूबकर जान गंवाने वाली 15 वर्षीय आरती कुमारी अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी. उसके दो भाई हैं, जो बाहर रहते हैं. घटना की सूचना मिलते ही दोनों भाई घर के लिए रवाना हो गए. बेटी की असमय मौत से पिता नरेश महतो और मां रंजू देवी गहरे सदमे में हैं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
सूचना मिलने पर पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची और आवश्यक पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. ग्रामीणों ने प्रशासन से नहर किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके.
Also Read: भरत तिवारी के एनकाउंटर के साथ दफन हो गए कई राज, घर-परिवार का क्या है माहौल, जानिए पूरी रिपोर्ट
