Aurangabad News : प्राथमिक शिक्षा निदेशालय, पटना के निदेशक के निर्देश पर जुलाई माह की अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन जिले के विभिन्न प्रारंभिक विद्यालयों में "समावेशी शिक्षा : हमारा हर बच्चा महत्वपूर्ण" थीम पर किया गया. इसी क्रम में मदनपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय सलैया में कक्षा एक से आठवीं तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों की संगोष्ठी प्रधानाध्यापक राजकुमार प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई.
समावेशी शिक्षा की अवधारणा से कराया अवगत
संगोष्ठी में अभिभावकों को समावेशी शिक्षा की अवधारणा से विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया. प्रधानाध्यापक राजकुमार प्रसाद गुप्ता ने बताया कि समावेशी शिक्षा ऐसी व्यवस्था है, जिसमें सामान्य एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को बिना किसी भेदभाव के एक ही विद्यालय और कक्षा में समान अवसर के साथ शिक्षा प्रदान की जाती है. इसका उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को उसकी क्षमता के अनुरूप सीखने का अवसर उपलब्ध कराना तथा शिक्षा के माध्यम से समानता और सहभागिता की भावना को मजबूत करना है.
विशेष बच्चों के प्रति संवेदनशीलता अपनाने की अपील
प्रधानाध्यापक ने कहा कि शारीरिक, मानसिक अथवा अन्य प्रकार की विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को अलग-थलग रखने के बजाय सामान्य बच्चों के साथ पढ़ाया जाता है. इसके लिए विद्यालय के वातावरण और शिक्षण पद्धति में आवश्यक बदलाव किए जाते हैं, ताकि प्रत्येक बच्चा सहज रूप से शिक्षा प्राप्त कर सके. उन्होंने अभिभावकों से प्रत्येक बच्चे के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने, बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा घर में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की.
बच्चों की प्रगति, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर भी हुई चर्चा
बैठक में बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, स्वास्थ्य एवं पोषण पर विस्तार से चर्चा की गई. अभिभावकों को उनके बच्चों की उपलब्धियों, प्रतिभाओं तथा विद्यालय में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी गई. प्रधानाध्यापक ने सभी अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से स्वच्छ एवं साफ-सुथरी पोशाक में विद्यालय भेजने का आग्रह करते हुए कहा कि अभिभावकों और शिक्षकों के साझा प्रयास से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है. संगोष्ठी में शिक्षक ठाकुर अमरेश प्रसाद, शशिकांत कुमार, धनंजय कुमार राज, सत्यानंद, शिक्षिका प्रतिभा कुमारी, रीता कुमारी, रेखा कुमारी, कृति कुमारी, मुस्कान प्रवीण, आफरीन जेबा, अर्शिया महरीन सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे.
