औरंगाबाद: गोह में जमीन विवाद में वृद्ध की हत्या मामले में पुलिस की कार्रवाई, चार आरोपित गिरफ्तार

औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते हुई हिंसक झड़प में एक वृद्ध की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस की विशेष जांच दल (SIT) ने यह सफलता हासिल की है.

Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र के घाटो गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में 70 वर्षीय किशोरी साव की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

SDPO अशोक कुमार दास ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था, जिसकी कार्रवाई में यह सफलता मिली है.

इलाज के दौरान हुई थी वृद्ध की मौत, दर्ज हुई थी प्राथमिकी

उल्लेखनीय है कि 19 जुलाई को गोह थानाध्यक्ष राजीव कुमार को घाटो गांव में जमीन विवाद को लेकर मारपीट और एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली थी. पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल किशोरी साव को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के लिखित आवेदन पर गोह थाने में कांड संख्या 186/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल कायम हो गया था.

SIT ने छापेमारी कर 4 आरोपितों को दबोचा

दाउदनगर एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी व मानवीय आसूचना के आधार पर त्वरित छापेमारी करते हुए चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान:

  • सीताराम साव (पिता- रामचंद्र साव)
  • संतोष साव (पिता- सीताराम साव)
  • लालबाबू साव (पिता- सीताराम साव)
  • मनीष कुमार (पिता- सीताराम साव)

पुलिस ने सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. एसडीपीओ ने बताया कि मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है. फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और पुलिस सतर्कता बरत रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manikant pandey

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >