औरंगाबाद के दाउदनगर में फिर चलेगा बुलडोजर, 53 चिन्हित जगहों से हटेगा अतिक्रमण

Aurangabad News: औरंगाबाद के दाउदनगर अनुमंडल में शनिवार को एनएच-139 और एनएच-120 को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. प्रशासन ने दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों पर कुल 53 अतिक्रमित स्थलों को चिन्हित किया है, जहां दंडाधिकारियों की देखरेख में अवैध कब्जे हटाए जाएंगे.

दाउदनगर से ओम प्रकाश की रिपोर्ट :
Aurangabad News :
जिले के दाउदनगर अनुमंडल क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए शनिवार को एक बार फिर विशेष अभियान चलाया जाएगा. प्रशासन की ओर से एनएच-139 (औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ) और एनएच-120 (दाउदनगर-गोह-गयाजी रोड) पर अवैध कन्स्ट्रक्शन, अतिक्रमण और अवैध पार्किंग को हटाने की तैयारी पूरी कर ली गई है. इस कार्रवाई के लिए अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) अमित राजन ने दोनों प्रखंडों में दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं.

गोह और दाउदनगर के राजस्व अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

जारी आदेश के अनुसार, गोह प्रखंड क्षेत्र में इस अभियान की जिम्मेदारी गोह के राजस्व अधिकारी अजय कुमार सिंह को सौंपी गई है. वहीं, दाउदनगर प्रखंड क्षेत्र में दाउदनगर के राजस्व अधिकारी रोहित कुमार को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है. दोनों अधिकारियों को अपने-अपने प्रखंड की सीमा के भीतर राष्ट्रीय राजमार्गों पर मौजूद सभी अवैध कब्जों को हटाते हुए की गई कार्रवाई की रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. एसडीओ ने संबंधित अंचल अधिकारियों और थानाध्यक्षों को भी निर्देशित किया है कि वे एनएच-120 और एनएच-139 के कार्यपालक अभियंता से समन्वय स्थापित करें और पर्याप्त पुलिस बल के साथ मौके पर उपस्थित रहकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित कराएं.

जिलाधिकारी की बैठक के बाद लिया गया निर्णय

आदेश में उल्लेख किया गया है कि जिलाधिकारी सह अध्यक्ष जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स, औरंगाबाद की अध्यक्षता में 27 मई को आयोजित बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे स्थित अवैध संरचनाओं, अतिक्रमण और अवैध पार्किंग को हटाने का सख्त निर्देश दिया गया था. इसी के आलोक में ओबरा के शंकरपुर से दाउदनगर के ठाकुर बिगहा तक एनएच-139 तथा दाउदनगर के भखरुआं मोड़ से गोह प्रखंड की सीमा तक एनएच-120 को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्णय लिया गया है.

दोनों एनएच पर कुल 53 स्थान चिन्हित

इससे पूर्व निर्धारित तिथि पर चलाए गए अभियान में दाउदनगर और गोह क्षेत्र के सभी चिन्हित स्थलों से अतिक्रमण पूरी तरह नहीं हटाया जा सका था. दाउदनगर क्षेत्र में बुधवार को जिनोरिया से अरंडा के बीच एनएच-139 पर राजस्व अधिकारी के नेतृत्व में कार्रवाई की गई थी, लेकिन कई स्थानों पर अतिक्रमण अभी भी बरकरार रह गया था. सूत्रों के अनुसार, प्रशासन ने एनएच-139 पर ओबरा के शंकरपुर से ठाकुर बिगहा तक कुल 23 अतिक्रमित स्थलों की पहचान की है.

वहीं, एनएच-120 पर दाउदनगर के भखरुआं मोड़ से गोह प्रखंड की सीमा तक 30 स्थान चिन्हित किए गए हैं. यानी दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों पर कुल 53 स्थानों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जानी है. प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से सड़क सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने, यातायात की बाधा दूर होने और आम लोगों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

Also Read: औरंगाबाद: इलाज के लिए बाहर गया परिवार, चोरों ने घर किया साफ; SIT ने बरामद किए चोरी के गहने, आरोपी गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >