औरंगाबाद जिला जदयू चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष पद पर अंबा निवासी डॉ. प्रकाश वर्मा को लगातार चौथी बार यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है. जदयू चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एलबी सिंह ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर उनके मनोनयन की घोषणा की है. जारी पत्र में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि डॉ. वर्मा ने पार्टी संगठन को मजबूत करने और सामाजिक संघर्ष को सशक्त बनाने में हमेशा सराहनीय पहल की है.
डॉ. प्रकाश वर्मा को लगातार चौथी बार जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर जिले के जदयू नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी हर्ष का माहौल है.
पार्टी नेता वीरेंद्र मेहता, शकुंतला देवी, हरेंद्र सिंह, रामाकांत सिंह, वीरेंद्र पांडेय, राजीव कुमार, शैलेश कुमार, सुदर्शन सिंह व संतन कुमार सिंह ने उन्हें इस, मनोनयन पर हार्दिक बधाई दी है. इसके साथ ही नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एलबी सिंह और जिला संगठन के नेतृत्व के प्रति भी गहरा आभार जताया है.
पंचायत स्तर तक मजबूत किया जाएगा संगठन: डॉ. वर्मा
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष डॉ. प्रकाश वर्मा ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वे उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ बखूबी निर्वहन करेंगे. उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर यानी पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए विशेष कार्य किए जाएंगे.
Also Read : औरंगाबाद में 1 अक्टूबर से दूध का भाव 66 रुपये लीटर होगा, पशुपालक संघ ने लिया फैसला
उन्होंने आगे घोषणा की कि आगामी माह में प्रखंड से लेकर पंचायत स्तर तक चिकित्सा प्रकोष्ठ की नई कमेटियों का गठन किया जाएगा, जिसके माध्यम से संगठन के कामकाज को और अधिक गति दी जा सकेगी.
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है लक्ष्य
डॉ. वर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रदेश के विकास के लिए कई ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, जिससे देश-दुनिया में बिहार का नाम गौरवान्वित हुआ है.
उन्होंने कहा कि चिकित्सा प्रकोष्ठ के माध्यम से राज्य सरकार की सभी प्रमुख जनकल्याणकारी और स्वास्थ्य योजनाओं को आम लोगों तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाने का लगातार प्रयास किया जाएगा.
