औरंगाबाद में कारोबार को सरल और पारदर्शी बनाने पर जोर, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस सुधारों की हुई समीक्षा

Aurangabad News : बिहार सरकार ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत निवेश और कारोबार को सरल बनाने के लिए सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं. जानें पूरी जानकारी.

Aurangabad News : राज्य में निवेश को बढ़ावा देने तथा कारोबार को अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से बिहार सरकार ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस (Ease of Doing Business) सुधार कार्यक्रम की रफ्तार तेज कर दी है. बुधवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ स्टेट बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान, डिस्ट्रिक्ट बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान तथा स्टेट सिंगल विंडो सिस्टम की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई.

308 सुधार बिंदुओं के शत-प्रतिशत अनुपालन का लक्ष्य

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 के लिए राज्य स्तर पर 74, जिला स्तर पर 154 तथा स्टेट सिंगल विंडो सिस्टम के तहत 80 सेवाओं सहित कुल 308 सुधार बिंदुओं का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाना है. मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) की गाइडबुक के प्रत्येक बिंदु का शब्दशः पालन किया जाए. उन्होंने कहा कि सुधार केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका प्रभाव धरातल पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए.

सभी सेवाएं हों ऑनलाइन और समयबद्ध

मुख्य सचिव ने कहा कि व्यवसाय से जुड़ी सभी सेवाएं पूरी तरह ऑनलाइन, पारदर्शी और समयबद्ध होनी चाहिए. आवेदन, स्वीकृति, नवीनीकरण, संशोधन सहित सभी प्रक्रियाओं को एंड-टू-एंड डिजिटल माध्यम से संचालित किया जाए. उन्होंने अधिसूचना, आदेश, मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी), ऑनलाइन पोर्टल, डैशबोर्ड, निरीक्षण प्रणाली एवं अन्य आवश्यक साक्ष्यों को निर्धारित प्रारूप में समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए.

Also Read : औरंगाबाद-पटना NH-139 पर हादसा: BJP कार्यालय के पास दो डंपरों की टक्कर, धू-धू कर जले इंजन; चालक गंभीर रूप से झुलसे

30 अगस्त तक सुधारों के अनुपालन की आंतरिक समय-सीमा

बैठक में बताया गया कि राज्य सरकार ने डीपीआईआईटी की निर्धारित समय-सीमा से पहले 30 अगस्त 2026 तक सभी विभागों से सुधारों के अनुपालन और आवश्यक साक्ष्य उद्योग विभाग को उपलब्ध कराने की आंतरिक समय-सीमा तय की है. इसके बाद सभी दस्तावेजों की समीक्षा कर उन्हें राष्ट्रीय पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा.

Also Read : औरंगाबाद के मदनपुर में सड़क हादसा, डिवाइडर से टकराई ईको, तीन लोग गंभीर रूप से घायल

सिंगल विंडो सिस्टम को और प्रभावी बनाने पर जोर

समीक्षा के दौरान सिंगल विंडो सिस्टम को अधिक प्रभावी बनाने, उद्योगों एवं उद्यमियों को एकीकृत ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराने, जिला स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग, समयबद्ध निरीक्षण तथा सार्वजनिक डैशबोर्ड के बेहतर संचालन पर विशेष जोर दिया गया. सभी विभागों को नामित नोडल पदाधिकारियों के माध्यम से निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए.

औरंगाबाद में डीएम ने विभागों को दिए आवश्यक निर्देश

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में औरंगाबाद से जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा, उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए. बैठक के बाद जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत निर्धारित सभी सुधार बिंदुओं का गंभीरतापूर्वक अनुपालन सुनिश्चित किया जाए. साथ ही आवश्यक अभिलेख एवं साक्ष्य समय पर उपलब्ध कराए जाएं और लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन करते हुए ऑनलाइन सेवा वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए.

Also Read : औरंगाबाद में 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आने से एक महिला की मौत, दो झुलसीं


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sudhir kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >