औरंगाबाद में साइबर ठगी, दुकानदार के खाते से 80 हजार रुपये उड़ाए, मदद के बहाने ठग ने दिया झांसा

औरंगाबाद के बारुण थाना क्षेत्र में एक दुकानदार को मदद के बहाने ठगी का शिकार बनाया गया. एक अज्ञात व्यक्ति ने ट्रांसपोर्ट कर्मचारी बनकर दुकानदार के मोबाइल से 80 हजार रुपये निकाल लिए. साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है.

औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र में डिजिटल धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. राम बिगहा गांव निवासी दुकानदार कृष्णा पासवान ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ 80 हजार रुपये की अवैध निकासी को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई है.

साइबर कैफे में दुकानदार को दिया झांसा

जानकारी के अनुसार, दुकानदार कृष्णा पासवान अपनी दुकान साइबर कैफे पर मौजूद थे. इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और खुद को ट्रांसपोर्ट का कर्मचारी बताते हुए मदद मांगी.

आरोपी ने दुकानदार से दो अलग-अलग खातों में छह हजार रुपये डालने को कहा. इसके बाद उसने ऑनलाइन लेन-देन के बहाने दुकानदार का मोबाइल फोन ले लिया और उसे विश्वास में लेकर ठगी की घटना को अंजाम दिया.

मोबाइल से निकाले 80 हजार रुपये

पीड़ित के अनुसार, मोबाइल फोन हाथ में लेने के बाद ठग ने ‘NK डिजिटल’ नाम के एक अन्य खाते से दुकानदार के फोन का इस्तेमाल कर 80 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली.

ठग ने इतनी चालाकी से पूरी घटना को अंजाम दिया कि दुकानदार को इसकी भनक तक नहीं लगी. कुछ देर बाद जब उसने अपना बैंक खाता चेक किया तो 80 हजार रुपये गायब मिले.

1930 पर की शिकायत, पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद बारुण थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई.

थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतने की अपील

इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहने की जरूरत को उजागर किया है. विशेषज्ञों के अनुसार, किसी भी अनजान व्यक्ति को मोबाइल फोन, बैंकिंग जानकारी या ओटीपी जैसी निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए.

यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajuranjan kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >