विधान परिषद में औरंगाबाद का नाम बदलकर 'आदित्य नगर' करने की उठी मांग, एमएलसी दिलीप कुमार सिंह ने रखा प्रस्ताव

बिहार विधान परिषद में औरंगाबाद जिले का नाम बदलकर 'आदित्य नगर' किए जाने की जोरदार मांग उठी है. देव सूर्य मंदिर की प्राचीन सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को देखते हुए यह मांग की गई है.

Aurangabad News: बिहार विधान परिषद के सदस्य दिलीप कुमार सिंह ने मंगलवार को सदन में औरंगाबाद जिले का नाम बदलकर 'आदित्य नगर' किए जाने की जोरदार मांग उठाई. उन्होंने कहा कि औरंगाबाद का देव सूर्य मंदिर देश के प्राचीनतम सूर्य मंदिरों में शामिल है और देव की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत पूरे क्षेत्र की पहचान है. ऐसे में जिले का नाम उसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक अस्मिता के अनुरूप 'आदित्य नगर' किया जाना चाहिए.

सूर्य मंदिर की ऐतिहासिक पहचान

एमएलसी श्री सिंह ने कहा कि देव की संस्कृति अत्यंत प्राचीन है और यहां स्थित सूर्य मंदिर न केवल बिहार बल्कि पूरे देश में आस्था का प्रमुख केंद्र है. उन्होंने सरकार से इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया.

बुद्धिजीवियों और समाजसेवियों में हर्ष

विधान परिषद में यह मुद्दा उठाए जाने पर केशव लोकमंच के कार्यसमिति सदस्य एवं अधिवक्ता अनिल कुमार सिंह, भानु प्रताप सिंह, कमलेश कुमार सिंह, मृत्युंजय सिंह, कृष्णा सिंह, शंकर दयाल सिंह, मुनेंद्र कुमार, प्रो. संजीव रंजन सहित कई समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों ने हर्ष व्यक्त किया. सभी का कहना है कि इससे क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी.

लंबे समय से उठ रही मांग

केशव लोकमंच के सदस्यों ने बताया कि संगठन लंबे समय से औरंगाबाद जिले का नाम बदलकर 'आदित्य नगर' करने की मांग उठाता रहा है. इस संबंध में सरकार के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान लगातार आकृष्ट कराया जाता रहा है. उनका मानना है कि देव सूर्य मंदिर और यहां की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए जिले का नाम परिवर्तन एक महत्वपूर्ण कदम होगा. विधान परिषद में मुद्दा उठने के बाद अब लोगों की नजर राज्य सरकार के अगले कदम पर टिक गई है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sujit kumar

सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >