Aurangabad News : फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन की प्रखंड एवं नगर इकाई की संयुक्त बैठक प्रखंड कार्यालय सभागार में प्रखंड अध्यक्ष विजय सिंह की अध्यक्षता में हुई. बैठक का संचालन प्रखंड सचिव पिंटू कुमार ने किया, जबकि नगर अध्यक्ष विनय सिंह ने देखरेख की. इस दौरान डीलरों की लंबित मांगों को लेकर आगामी 24 अगस्त को पटना के गर्दनीबाग में आयोजित महाधरना में भाग लेने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गयी.
महाधरना में बड़ी संख्या में डीलरों के शामिल होने का दावा
बैठक में बताया गया कि अंबिका यादव के नेतृत्व में आयोजित होने वाले धरना-प्रदर्शन में दाउदनगर प्रखंड एवं नगर क्षेत्र से बड़ी संख्या में जन वितरण प्रणाली (जविप्र) विक्रेता शामिल होंगे. डीलरों की ओर से अतिरिक्त आवंटन, लंबित मार्जिन मनी का भुगतान, अनुकंपा के प्रावधानों में राहत सहित अन्य मांगों को लेकर सरकार के समक्ष आवाज बुलंद की जायेगी.
सरकार पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप
एसोसिएशन के जिला सचिव सुरेंद्र कुमार सिंह ने सरकार पर डीलरों के साथ दोहरी नीति अपनाने और वादाखिलाफी करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष आंदोलन के दौरान सरकार की ओर से अनुकंपा के लिए निर्धारित उम्र सीमा की बाध्यता समाप्त करने की घोषणा की गयी थी, लेकिन अब तक इसका लाभ नहीं मिल पाया है. इसी तरह मार्जिन मनी के भुगतान को लेकर भी डीलरों में नाराजगी है.
आठ महीने की मार्जिन मनी रोकने का आरोप
सुरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि सरकार की ओर से आश्वासन दिया गया था कि मार्जिन मनी तीन दिनों के बाद स्वतः डीलरों के खाते में चली जायेगी, लेकिन व्यवस्था अब भी सुचारू नहीं हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि आठ महीने की मार्जिन मनी रोककर केवल दो महीने का भुगतान किया जाता है. डीलरों ने मांग की कि या तो उन्हें मानदेय दिया जाये या फिर मार्जिन मनी बढ़ाकर प्रति क्विंटल 300 रुपये की जाये.
55 हजार डीलरों के पटना पहुंचने का दावा
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि 24 अगस्त को बिहार के करीब 55 हजार डीलर पटना पहुंचकर अपनी मांगों के समर्थन में महाधरना देंगे. बैठक में आंदोलन को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक डीलरों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.
बैठक में बड़ी संख्या में डीलर रहे मौजूद
बैठक में कृष्णकांत, नीतीश कुमार, अंबिका सिंह, रेवती रमण, युगल सिंह, सुरेश सिंह, चंदन कुमार, इंद्रदेव सिंह, हिमांशु तिवारी, जमुना सिंह, प्रवीण गुप्ता सहित अन्य डीलर मौजूद रहे.
Also Read : नवादा में भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन को लेकर बैठक, नौ मामलों की हुई समीक्षा
