औरंगाबाद के दाउदनगर थाना क्षेत्र के नहर रोड में शमशेर नगर पंचायत के नान्हु बिगहा के समीप सोमवार की देर शाम बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार एक अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान नान्हु बिगहा निवासी स्व. जगदीश यादव के 46 वर्षीय पुत्र सत्येंद्र यादव के रूप में हुई है.
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. ग्रामीण मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया.
गेहूं पिसवाकर-पशुचारा लेकर घर लौट रहे थे सत्येंद्र यादव
जानकारी के अनुसार, सत्येंद्र यादव शमशेर नगर बाजार से गेहूं पिसवाकर और जानवरों का चारा लेकर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान नहर रोड में नान्हु बिगहा के समीप दो नंबर घाट से निकलने वाली सड़क की ओर बने लोहे के पुल के पास वह बालू लदे ट्रक की चपेट में आ गए.
ट्रक की चपेट में आने से सत्येंद्र यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई.
पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर कराया शांत
हादसे की सूचना मिलते ही दाउदनगर थानाध्यक्ष विकास कुमार, सब इंस्पेक्टर सुदीश कुमार और एएसआई भूपेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया.
ग्रामीण मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. इसके बाद सूचना मिलने पर अंचल अधिकारी सतीश कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने मृतक के आश्रितों को चार लाख रुपये की मुआवजा राशि का चेक प्रदान किया. दाउदनगर उत्तरी क्षेत्र के जिला पार्षद अमरेंद्र उर्फ अरविंद यादव भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने मृतक के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने मृतक के शव को देर रात पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया. थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बालू लदे ट्रक को जब्त कर लिया गया है.
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है.
अस्पताल पहुंचाने के नाम पर औरंगाबाद में 15 साल की छात्रा से दुष्कर्म, छह घंटे बाद नहर के पास छोड़ा
