पुलिस को करें सहयोग, अपराध नियंत्रण के हो रहे हर संभव उपाय

शहर में दुकानों में आगजनी की बढ़ती घटनाओं से चिंतित व्यवसायियों ने गुरुवार देर शाम लखन मोड़ स्थित न्यूटन कोचिंग में बैठक की

दाउदनगर. शहर में दुकानों में आगजनी की बढ़ती घटनाओं से चिंतित व्यवसायियों ने गुरुवार देर शाम लखन मोड़ स्थित न्यूटन कोचिंग में बैठक की. वैश्य समाज के तत्वावधान में आयोजित इस बैठक का संचालन प्रहलाद प्रसाद ने किया. व्यवसायियों ने अपनी शिकायतें रखीं और थानाध्यक्ष विकास कुमार ने उनका जवाब दिया. बैठक में बताया गया कि पिछले लगभग दो महीने में बाजार के तीन दुकानों या गोदाम में आगजनी की घटनाएं घटी हैं. असामाजिक तत्वों पर यह घटना करने का आरोप लगाया गया. व्यवसायियों ने थानाध्यक्ष से कहा कि असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाये. मुख्य पार्षद अंजलि कुमारी ने दुकानों में हो रही आगजनी और अन्य अपराधी घटनाओं पर चिंता व्यक्त की और कहा कि शहर में फेस रिकॉग्निशन वाले सीसीटीवी लगाए जाएंगे, ताकि अपराधियों के शहर में प्रवेश करते ही सायरन बजे और व्यवसायी सतर्क हो सकें. थानाध्यक्ष विकास कुमार ने कहा कि शहर में बाइक चोरी बंद हो गई है और पुलिस गस्ती कर रही है. बाइक और पैदल गस्ती, पुलिस वर्दी में और सादे कपड़ों में भी की जा रही है. उन्होंने आम लोगों से पुलिस को सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की सूचना सीधे उन्हें दें, त्वरित कार्रवाई की जायेगी. स्वर्णकार आभूषण व्यवसायी संघ, दाउदनगर के अध्यक्ष डॉ राजेंद्र प्रसाद सर्राफ ने कहा कि पुलिस और नगर पर्षद का दायित्व है कि शहर का अशांत माहौल शांत किया जाए. मुआवजे को लेकर उन्होंने बताया कि सरकार का प्रावधान केवल 9800 रुपये का मुआवजा देने का है. सभी दुकानदारों को बीमा कराना चाहिए, ताकि आपदा के समय यह राशि कारोबार को पुनः खड़ा करने में मदद कर सके. बैठक में यश अकादमी के निदेशक शंभू कुमार, नवज्योति शिक्षा निकेतन के निदेशक नीरज कुमार, मोबाइल व्यवसायी चंदन कुमार, वैश्य समाज के अध्यक्ष राजेश कुमार, सचिव आनंद प्रकाश, उप मुख्य पार्षद कमला देवी, वार्ड पार्षद दिनेश कुमार, जय गोविंद प्रसाद, डॉ विजय कुमार सहित अन्य उपस्थित थे, जिन्होंने व्यवसायियों की समस्याओं को सामने रखा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUJIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >