औरंगाबाद में NEET पेपर लीक पर कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने औरंगाबाद में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर में मार्च निकाला और प्रधानमंत्री का पुतला फूंका, जिससे छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया गया.

Aurangabad News: नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी औरंगाबाद ने बुधवार को शहर में विशाल 'प्रतिरोध मार्च' निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. संगठन के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आनंद शंकर सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और शहर की मुख्य सड़कों पर मार्च निकालते हुए केंद्र सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की.

रमेश चौक पर फूंका प्रधानमंत्री का पुतला

प्रतिरोध मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ रमेश चौक पहुंचा, जहां उग्र कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफे की मांग की और "छात्रों के साथ न्याय करो" तथा "पेपर लीक बंद करो" जैसे गगनभेदी नारे लगाए.

लाखों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप

पूर्व विधायक आनंद शंकर सिंह और वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही धांधली से देश के लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है. उन्होंने कहा कि परीक्षाओं की निष्पक्षता बहाल करना और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है.

प्रदर्शन में कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शर्मा, वरिष्ठ नेता मृत्युंजय सिंह, अजय कुमार सिंह, आशुतोष कुमार सिंह, धर्मेंद्र पासवान, भोला चौहान और मजहर साहिल समेत कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे. नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि पेपर लीक पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई, तो कांग्रेस इस आंदोलन को और उग्र रूप देगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sujit kumar

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >