दाउदनगर में 500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ निकली भव्य यात्रा, बच्चों ने दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश

दाउदनगर में विद्या निकेतन स्कूल के बच्चों ने 500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ हर घर तिरंगा यात्रा निकाली. देशभक्ति से ओतप्रोत इस यात्रा ने सभी का मन मोह लिया.

Aurangabad Tiranga Yaatra : दाउदनगर. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत दाउदनगर की सड़कों पर शनिवार को 500 मीटर लंबा तिरंगा आकर्षण का केंद्र बना. ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विद्या निकेतन ग्रुप ऑफ स्कूल के छात्र-छात्राओं ने विशाल तिरंगे के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली. हाथों में तिरंगा थामे बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारे लगाते हुए आगे बढ़े. सड़क पर बच्चों की लंबी कतार और 500 मीटर लंबे राष्ट्रीय ध्वज का दृश्य देखने के लिए स्थानीय लोग भी रुकते नजर आए.

तिरंगा यात्रा को लेकर बच्चों में खासा उत्साह दिखा. यात्रा के दौरान पूरे रास्ते देशभक्ति का माहौल बना रहा. बच्चों ने अनुशासन के साथ यात्रा में हिस्सा लिया और लोगों को राष्ट्रप्रेम, एकता और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया.

किड्ज वर्ल्ड से शुरू हुई तिरंगा यात्रा

तिरंगा यात्रा की शुरुआत भखरुआं स्थित पटना रोड के किड्ज वर्ल्ड से हुई. यहां से यात्रा औरंगाबाद रोड होते हुए अरविंद हॉस्पिटल तक पहुंची. इसके बाद गया रोड से बाजार समिति तक तिरंगा यात्रा निकाली गई. निर्धारित मार्ग से गुजरने के बाद यात्रा वापस विद्यालय परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ.

यात्रा के दौरान 500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ चल रहे बच्चों की कतार सड़क पर लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही. स्थानीय लोगों ने भी बच्चों के इस प्रयास की सराहना की और उनका उत्साह बढ़ाया.

बच्चों में देशप्रेम की भावना मजबूत करने का संदेश

इस अवसर पर एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने कहा कि इस तरह के आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर हो रहे हैं. ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में राष्ट्रवाद और देशप्रेम की भावना मजबूत होती है. उन्होंने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को देश और राष्ट्रीय ध्वज के महत्व से जोड़ने में इस तरह के आयोजन अहम भूमिका निभाते हैं.

विद्यालय के सीएमडी सुरेश कुमार गुप्ता ने कहा कि बच्चों के अंदर राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत हो और सही एवं सकारात्मक सोच के साथ उनका विकास हो, इसी उद्देश्य से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया. उन्होंने कहा कि बच्चों की भागीदारी से स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन और भी खास बन गया.

दाउदनगर में पहली बार 500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ यात्रा

विद्यालय के सीईओ आनंद प्रकाश ने कहा कि दाउदनगर में पहली बार विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने 500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ तिरंगा यात्रा निकाली है. यह आयोजन लोगों के लिए आकर्षक होने के साथ प्रेरणादायक भी रहा. उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में प्रशासन और आम लोगों के सहयोग के लिए आभार जताया.

तिरंगा यात्रा में डॉ. मनोज कुमार, टेक्निकल एडवाइजर विनय प्रकाश, विद्यासागर, प्रशासक संदीप कुमार तांती, प्रधानाचार्य मो. मोजाहिर आलम सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे.

प्रशासन ने संभाली यातायात व्यवस्था

तिरंगा यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन की ओर से विशेष ध्यान दिया गया. प्रशासनिक सहयोग से यात्रा के दौरान वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखा गया, जिससे सड़क पर लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई. थानाध्यक्ष विकास कुमार भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए और बच्चों का उत्साह बढ़ाया.

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर निकली इस तिरंगा यात्रा ने दाउदनगर में देशभक्ति का माहौल बना दिया. 500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ आगे बढ़ते बच्चों ने लोगों को राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश दिया.



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ओमप्रकाश

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >