औरंगाबाद शहर. कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में भारत की जनगणना के प्रथम चरण से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक हुई. गौरतलब है कि भारत की जनगणना 2027 का आयोजन दो चरणों में किया जाना है. प्रथम चरण के अंतर्गत “मकान सूचीकरण एवं आवासीय विवरण संकलन” का कार्य दो से 31 मई तक संचालित किया जा रहा है. इस दौरान प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर निर्धारित प्रपत्र के अनुसार आवश्यक जानकारी संकलित की जा रही है. जिलाधिकारी द्वारा सभी चार्ज अधिकारियों से मकान सूचीकरण कार्य की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई. उन्होंने निर्देश दिया कि संबंधित सभी पदाधिकारी मकान सूचीकरण से संबंधित रिपोर्ट शत-प्रतिशत रूप से ऑनलाइन पोर्टल पर समय पर दर्ज कराना सुनिश्चित करें. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जनगणना कार्य के सुचारू संचालन हेतु पर्यवेक्षकों द्वारा प्रगणकों के कार्यों का नियमित अनुश्रवण किया जाये. साथ ही चार्ज अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया. बैठक में बताया गया कि जनगणना कार्य में संलग्न सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक निर्धारित समयावधि के भीतर अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर कार्य संपन्न करेंगे. इस दौरान आम लोगों से अपेक्षा की जाती है कि वे इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग करें तथा सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं. जिला प्रशासन द्वारा सभी जिलावासियों से अपील की गयी है कि वे इस महत्वपूर्ण जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें तथा प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय दायित्व के सफल क्रियान्वयन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें.
समय पर मकान सूचीकरण का कार्य करें प्रगणक व पर्यवेक्षक, लापरवाही पड़ेगी भारी
भारत की जनगणना 2027 का आयोजन दो चरणों में किया जाना है
