जम्होर के पासी टोला में एक और घटराइन बड़का भुइंया बिगहा में हुई घटना
खेलते और आम चुनते समय हादसा, परिजनों में मचा कोहरामप्रतिनिधि, औरंगाबाद कार्यालय.सोमवार दोपहर औरंगाबाद जिले में करीब एक घंटे की बारिश कहर बनकर बरसी. बारिश के दौरान सदर प्रखंड के जम्होर और मदनपुर प्रखंड के घटराइन टोले बड़का भुइंया बिगहा में वज्रपात की चपेट में आने से तीन मासूमों की मौत हो गयी. जम्होर पासी टोला में एक और घटराइन टोले बड़का भुइंया बिगहा में दो बच्चों की जान गयी. घटना के बाद दोनों गांवों में मातम पसरा है.
जम्होर में घर के पास खेल रहा था मासूम
सदर प्रखंड के जम्होर स्थित पासी मोहल्ला में बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से आठ वर्षीय बजरंगी की मौत हो गयी. वह विजय कुमार चौधरी का इकलौता पुत्र था. विजय कुमार किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते है. बजरंगी अपनी छह बहनों के बीच अकेला भाई था. परिजनों के अनुसार, सोमवार दोपहर वह घर के पास खेल रहा था. अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गयी. इसी दौरान वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया. परिजन उसे तत्काल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मदनपुर में आम चुनते समय दो बच्चों की मौत
मदनपुर थाना क्षेत्र के घटराइन बड़का भुइंया बिगहा गांव में वज्रपात से दो मासूमों की जान चली गयी. मृतकों की पहचान गणेश भुइयां के 10 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार और रामप्यारे भुइंया के 11 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे गांव के पूरब नहर के पास पेड़ से गिरे आम चुन रहे थे. इसी दौरान तेज बारिश के साथ वज्रपात हुआ और दोनों इसकी चपेट में आ गये. परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये, जहां डॉक्टरों ने काफी प्रयास के बाद भी उन्हें बचा नहीं सके और मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया में जुट गयी है. तीन मासूमों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
