BSEB Inter Exam 2027: इंटर परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया आज से शुरू, 16 सितंबर तक का ही मौका; देखें जरूरी डॉक्युमेंट्स की लिस्ट

BSEB Inter Exam 2027: बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2027 के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है. छात्र 16 सितंबर तक अपने स्कूल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं.

BSEB Inter Exam 2027: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2027 में सम्मिलित होने वाले छात्र-छात्राओं के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. बोर्ड के निर्देशानुसार परीक्षा प्रपत्र भरने की प्रक्रिया आज 25 अगस्त से शुरू होकर 16 सितंबर 2026 तक संचालित की जाएगी.

शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार, केवल औरंगाबाद जिले में ही कला (Arts), विज्ञान (Science) और वाणिज्य (Commerce) संकाय मिलाकर करीब 32 हजार से अधिक नियमित परीक्षार्थी इंटर फाइनल परीक्षा में शामिल होंगे. इसके अतिरिक्त वोकेशनल (व्यावसायिक), पूर्ववर्ती (Ex-students), कंपार्टमेंटल/समुन्नत (Improvement) और स्वतंत्र (Private) कोटि के छात्र भी इस निर्धारित अवधि में अपना परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे.

छात्र खुद नहीं भरेंगे फॉर्म, स्कूल-कॉलेज के प्रधान करेंगे ऑनलाइन सबमिट

बिहार बोर्ड ने स्पष्ट गाइडलाइन जारी की है कि छात्र स्वयं व्यक्तिगत स्तर पर ऑनलाइन फॉर्म नहीं भरेंगे:

  • संबंधित विद्यालय एवं महाविद्यालय के प्रधान ही बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर छात्रों का डेटा ऑनलाइन दर्ज करेंगे.
  • निर्धारित परीक्षा शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किया जाएगा.
  • तय समयसीमा के भीतर शुल्क जमा न करने की स्थिति में बोर्ड द्वारा परीक्षा फॉर्म स्वीकार नहीं किया जाएगा और एडमिट कार्ड जारी नहीं होगा.

परीक्षा फॉर्म भरने के लिए ये 8 दस्तावेज अनिवार्य

बोर्ड की गाइडलाइन के मुताबिक छात्रों को अपने संस्थान में निम्नलिखित दस्तावेजों की छायाप्रति (Photocopy) जमा करानी होगी:

  1. मूल पंजीयन कार्ड (Original Registration Card) की छायाप्रति
  2. अपार आईडी (APAAR ID - ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री)
  3. आधार कार्ड की छायाप्रति
  4. बैंक खाता पासबुक की छायाप्रति
  5. जाति प्रमाण पत्र (केवल आरक्षित वर्ग के छात्रों के लिए)
  6. पासपोर्ट साइज का नवीनतम रंगीन फोटो एवं हस्ताक्षर
  7. वैध ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर
  8. चयनित विषयों का विवरण, उत्तर लिखने का माध्यम (हिंदी/अंग्रेजी) तथा दो स्पष्ट शारीरिक पहचान चिन्ह (Identification Marks)
बच्चों का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network

239 हाई स्कूलों और 20 कॉलेजों में प्रक्रिया तेज

बिहार बोर्ड ने सभी स्कूल व कॉलेज के प्रधानों को सख्त निर्देश दिया है कि फॉर्म में दर्ज किया जाने वाला विवरण मूल पंजीयन कार्ड के बिल्कुल अनुरूप होना चाहिए. किसी भी प्रकार की त्रुटि या छेड़छाड़ होने पर पूरी जवाबदेही संस्था प्रधान की होगी. फॉर्म भरने की शुरुआत होते ही जिले के 239 उच्च माध्यमिक विद्यालयों और 20 वित्त रहित इंटर कॉलेजों में गहमागहमी शुरू हो गई है. संस्थान व्हाट्सएप ग्रुप व नोटिस बोर्ड के माध्यम से छात्रों को तिथियों की सूचना दे रहे हैं.

'अंतिम तिथि का इंतजार न करें छात्र, समय से जमा करें कागजात': DEO

"इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2027 के सभी परीक्षार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपने संबंधित विद्यालय या महाविद्यालय से संपर्क करें. छात्र अपने सभी जरूरी वैध कागजात संस्थान में जमा कराएं ताकि समयबद्ध तरीके से उनका परीक्षा प्रपत्र ऑनलाइन भरा जा सके." — दया शंकर सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO), औरंगाबाद

Also Read: औरंगाबाद में सांप के काटने से 22 वर्षीय युवक की मौत, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंबुज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >